उरुवा।
बलुआ गांव में हत्या की सूचना पर पहुंचे सिपाही से हाथापाई करने का मामला सामने आया है। सिपाही का आरोप है कि आरोपी ने पहले जाति सूचक अपशब्द कहे, फिर हाथापाई करने लगा। सिपाही की तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बलुआ गांव निवासी अविनाश शुक्ला का बृहस्पतिवार रात भाई से विवाद हो गया था। इस पर अविनाश ने पुलिस कंट्रोल रूम को हत्या की सूचना दे दी। सूचना पाते ही पुलिस के कान खड़े हो गए और पीआरवी मौके पर पहुंच गई। जांच में हत्या की सूचना झूठी निकली। इस पर सिपाही व्यास वेद ने अविनाश को पुलिस को फर्जी सूचना न देने की नसीहत दी। इसी बात पर विवाद हो गया और अविनाश व्यास वेद से उलझ गया और हाथापाई शुरू कर दी। इसी बीच मौजूद अन्य सिपाहियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। थाने लौटकर सिपाही ने अविनाश के खिलाफ तहरीर दे दी, जिसके बाद आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।