गोरखपुर। जिले में सोमवार की दोपहर एक घंटे के भीतर दो जगहों पर बाइक सवार बदमाश नकदी लूटकर फरार हो गए। पहली वारदात 1.30 बजे के करीब गोला इलाके में बैंक के बाहर हुई। महिला को धक्का देकर बदमाश 30 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पुलिस सीसी फुटेज खंगालकर वाहनों की चेकिंग कर रही थी कि 2:15 बजे के करीब बदमाशों ने बड़हलगंज में बैंक के पास एक लाख रुपये की लूट लिए। दो वारदात होने की खबर पाते ही एसपी साउथ ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंच गए। एसपी ने दोनों ही जगहों पर सीसी फुटेज खंगालने के बाद जल्द पर्दाफाश का दावा किया।
महिला को धक्का देकर 30 हजार लूटे
गोला। कस्बे में सोमवार को बैंक से रकम निकालकर घर लौट रही महिला को धक्का देकर बदमाशों ने 30 हजार रुपये लूट लिए।
कस्बा स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से बड़हलगंज के समयथान गांव निवासी मिठाई लाल की पत्नी लालमुनि तीस हजार रुपये निकाली थीं। झोले में रकम, बैंक के कागजात, आधार कार्ड रखकर वह पैदल ही गांव लौट रही थीं। गांव के करीब स्थित टॉवर के पास पहुंची थीं। उसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने धक्का देकर उन्हें नीचे गिरा दिया। अभी वह खुद को संभाल पातीं कि बदमाश रकम से भरा झोला लूटकर फरार हो गए। बदमाश मुंह बांधे थे। महिला ने शोर मचाया तो आसपास के लोग भी एकत्र हो गए, मगर तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। अभी चार दिन पहले ही इलाके में एक महिला के साथ ही बाइक सवार ने लूट की वारदात की थी, मगर पुलिस इसके बाद भी सक्रिय नहीं हो सकी थी। इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
ऑटो का इंतजार कर रहे किसान से एक लाख लूटे
बड़हलगंज। एसबीआई शाखा से एक लाख रुपये निकालकर ऑटो का इंतजार कर रहे किसान का एक लाख रुपये लूटकर बाइक सवार बदमाश फरार हो गए।
बड़हलगंज के रामकोला निवासी बनवारी प्रसाद कस्बा स्थित बैंक से रकम निकाले थे। एक लाख रुपये झोले में रखकर वह कॉलेज तिराहे पर पहुंचे और ऑटो का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश आए और झपट्टा मारकर झोला लूट लिए। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और फिर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच की। झोले में एक लाख रुपये के अलावा बैंक व अन्य जरूरी कागजात भी थे। बनवारी पहले विदेश रहते थे। चार साल पहले लौटने के बाद किसानी करते हैं। कुछ समय पहले बेटा हादसे में घायल हो गया था। उसी के इलाज के लिए उन्होंने सोमवार को बैंक से रकम निकाली थी। पुलिस सीसी फुटेज से बैंक में संदिग्ध की तलाश कर लेने का दावा किया गया है।
बाइक सवार बदमाशों ने वारदात की है। पुलिस ने सीसी टीवी फुटेज की जांच भी की है। पुलिस टीम लगी है। जल्द ही बदमाशों को पकड़कर घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।
- ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी, एसपी साउथ