बेटियां सुरक्षित हों। उन्हें शोहदों से बचाया जा सके, इसके लिए पुलिस ने नई पहल की है। एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने शहर के सभी स्कूलों में पिंक बॉक्स लगाने की योजना बनाई है। इसमें छात्राएं गोपनीय सूचना लिखकर डालेंगी और पुलिस उसकी जांच करेगी। एसपी सिटी का मानना है कि इससे छेड़खानी स्थल और शोहदों की जानकारी तो होगी ही साथ ही अन्य समस्याएं भी पता चलेंगी, जिनका पुलिस समाधान कराएगी। इसकी मानीटरिंग खुद एसपी सिटी करेंगे।
एसपी सिटी का मानना है कि कई बार छात्राएं पुलिस को गोपनीय सूचनाएं तो देना चाहती हैं लेकिन उनके पास कोई विकल्प नहीं होता। वे खुद थाने जाने से बचती हैं। इसी वजह से अब ऐसी व्यवस्था की जाएगी ताकि उन्हें दिक्कत न हो। पुलिस खुद पिंक बॉक्स तैयार कराके स्कूलों में लगवाएगी। जो भी शिकायत आएगी, उसका निपटारा कराया जाएगा।
पुलिस ने 66 जगह चिह्नित की
पुलिस ने अपनी पड़ताल में शहर में 66 ऐसी जगह चिह्नित की है, जहां शोहदों का जमावड़ा होता है। इन जगहों पर पुलिस गश्त भी करती है। अब कोशिश है कि छात्राओं से पूछकर ही शोहदों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई की जाए।
स्कूल में छात्राओं को पिंक बॉक्स की सुविधा दी जाएगी। छेड़खानी या फिर जो भी सूचनाएं वे देना चाहती हैं, उस बॉक्स में लिखकर डाल सकती हैं। पुलिस उनकी जांच कर खुद कार्रवाई करेगी। इसका उद्देश्य शोहदों पर अंकुश लगाकर छात्राओं को सुरक्षित करना है।
- डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी