40 हत्याओं का आरोपी प्रेमवीर उर्फ बॉॅबी गोरखपुर जेल में शिफ्ट
गोरखपुर। चालीस हत्याओं को अंजाम देने के आरोपी अलीगढ़ निवासी प्रेमवीर सिंह उर्फ बॉबी को बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच गोरखपुर जेल लाया गया। शासन के निर्देश पर उसे वाराणसी सेंट्रल जेल से प्रशासनिक आधार पर यहां भेजा गया है। बुधवार शाम मंडलीय कारागार पहुंचने पर जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद जेल प्रशासन ने उसे हाई सेक्योरिटी बैरक में रखा।
प्रेमवीर उर्फ बॉबी पर हत्या, अपहरण और करोड़ों की फिरौती वसूलने सहित करीब सौ घटनाओं में शामिल होने का आरोप है। 5 जून 2013 को उसे आगरा पुलिस ने टेढ़ी पुलिया निवासी एटा में तैनात जेल सिपाही असलम की हत्या की साजिश रचते समय गिरफ्तार किया था। असलम से उसकी दुश्मनी वर्ष 2011 में अलीगढ़ जेल में बंद रहने के दौरान हुई थी। जेल में रहते हुए उसने एक व्यक्ति से 1.5 लाख रुपये मंगाए थे, जिसे असलम ने पकड़ लिया था। तभी से वह असलम की हत्या करना चाहता था। कुछ दिन आगरा जेल में रखने के बाद वर्ष 2018 में उसे वाराणसी जेल में शिफ्ट किया गया था।
प्रेमवीर ने राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और महाराष्ट्र में भी घटनाओं को अंजाम दिया है। वर्ष 1997 में उसने भरतपुर के जेल अधीक्षक की हत्या की थी। जिसमें उसे सजा भी मिल चुकी है। उस पर मेरठ में हुए तिहरे हत्याकांड में शामिल होने का भी आरोप है, जिसमें मेरठ निवासी राजपाल और दो अन्य की हत्या की गई थी। प्रेमवीर पर वर्ष 2003 में मथुरा के डॉक्टर माहेश्वरी का अपहरण कर एक करोड़ की फिरौती वसूलने के भी आरोप में केस दर्ज है। वाराणसी जेल में वह लगातार अन्य बंदियों को बरगला कर विद्रोह पैदा कर रहा था। वाराणसी जेल प्रशासन ने शासन को उसे शिफ्ट किए जाने के लिए पत्र लिखा था। शासन से अनुमति के बाद उसे बुधवार की सुबह वहां से पुलिस की कड़ी सुरक्षा में गोरखपुर जेल भेजा गया था।
वर्जन
वाराणसी सेंट्रल जेल से कई हत्याओं के आरोपी प्रेमवीर को गोरखपुर जेल लाया गया है। उसे कड़ी सुरक्षा के बीच हाई सेक्योरिटी बैरक में रखा गया है।- डॉ रामधनी, वरिष्ठ जेल अधीक्षक