शाहपुर में छात्रा से छेड़खानी, विरोध पर परिवार वालों को पीटा
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके में बाजार गई एमए की छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि अंशू नाम के युवक ने छात्रा का हाथ पकड़ लिया और छेड़खानी करने लगा। इतना ही नहीं उसने शादी करने के लिए भी बोला। छात्रा के शोर मचाने पर वहां पहुंचे उसके भाई ने युवक को थप्पड़ मारकर भगा दिया। कुछ देर बाद आरोपी कुछ साथियों के साथ आया और छात्रा के घर पर चढ़कर भाई, माता, पिता, दादी की पिटाई कर दी और धमकी देते हुए फरार हो गया। घर के बगल में लगें सीसीटीवी में छेड़खानी व मारपीट की पूरी घटना कैद है। पुलिस ने छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना शुक्रवार रात की है। पुलिस के मुताबिक शाहपुर इलाके के एक कॉलोनी की रहने वाली छात्रा मुहल्ले में ही किराना स्टोर पर घरेलू सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान स्टर्नपुर निवासी अंशू नामक युवक उसके पास पहुंचा और छेड़खानी करने लगा। उसने विरोध किया तो छात्रा का हाथ पकड़ लिया। तब तक छात्रा अपने घर के गेट तक पहुंच चुकी थी। शोर मचाने पर उसका भाई आया और युवक की हरकत देखकर उसे थप्पड़ मारकर भगा दिया। घटना के कुछ देर बाद अंशू अन्य युवकों के साथ छात्रा के घर पहुंच गया। शोर सुनकर जब पड़ोसी जुटे तो आरोपी फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी रात में ही पादरी बाजार पुलिस को दी थी। शनिवार को छात्रा के पिता की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने अंशू सहित अन्य पर केस दर्ज किया। आरोपी घर छोड़कर हैं।