भालोटिया में दो व्यापारियों से टप्पेबाजी का प्रयास
गोरखपुर। दवा मंडी भालोटिया मार्केट में शनिवार को एक बार फिर बाइक सवार टप्पेबाजों ने दो व्यापारियों को निशाना बनाने की कोशिश की। बदमाश व्यापारियों को रोककर अदब में लेने की कोशिश कर रहे थे मगर उनके सवालों का जवाब बिना डरे देने, उलटे पूछताछ करने और आसपास के लोगों के एकत्र होने पर आरोपी बाइक से फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। दो बाइकों पर चार बदमाश थे और दोनों चालकों ने हेलमेट लगाया था और पीछे बैठे बदमाशों ने मॉस्क पहना था। सूचना पर आई कैंट पुलिस फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। भालोटिया मार्केट में एक जून को सिद्धार्थनगर के एक व्यापारी के साथ जालसाजी हुई थी।
महराजगंज के नौतनवां, लक्ष्मीपुर में नेशनल मेडिकल स्टोर के मालिक संतोष कुमार गुप्ता और नौतनवां दुर्गापुर के रामनाथ चौरसिया सुबह दस बजे के करीब भालोटिया मार्केट में दवा खरीदने आए थे। अभी वह बाजार में घुसे थे कि दो बाइक पर सवार बदमाश आ गए। व्यापारियों को रोककर बैग में रखे सामानों का ब्योरा पूछने लगे। बैग लेने की भी कोशिश की लेकिन व्यापारियों ने होशियारी से काम किया और बोले कि वे कर्मचारी हैं। दवा की दुकान पर काम करते हैं और टिफिन रखे है। आप लोग कौन है। इस दौरान आसपास के कुछ व्यापारी भी आने लगे। लोगों को एकत्र होता देख बदमाश फरार हो गए। व्यापारियों ने घटना की सूचना दवा विक्रेता समिति के अध्यक्ष योगेंद्र नाथ दुबे व महामंत्री आलोक चौरसिया को दी। पदाधिकारियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। कैंट इंस्पेक्टर रवि राय ने बताया कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
...
एक माह बाद भी नहीं हो सका एक लाख की लूट का खुलासा
एक जून को सिद्धार्थनगर के व्यापारी के साथ पुलिस बनकर बदमाशों ने एक लाख रुपये की लूट भालोटिया मार्केट में ही की थी, मगर आज तक पुलिस इसका खुलासा नहीं कर सकी। वह घटना भी सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
व्यापारियों में गुस्सा, जल्द पर्दाफाश की मांग
घटना की सूचना पर पहुंचे अध्यक्ष योगेंद्र नाथ दुबे, महामंत्री आलोक चौरसिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश तुलस्यान, राजेश सिंह, सुनील सिंह, शैलेश, अनुज राय आदि ने आक्रोश व्यक्त करते हुए जल्द पर्दाफाश की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि बदमाश इसके पहले साहबगंज मंडी में सक्रिय थे और अब भालोटिया में वारदात हो रही है। पुलिस घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। इससे व्यापार प्रभावित हो रहा है।