मतगणना को लेकर की गई बैरीकेडिंग।
- फोटो : Amar Ujala
जिले की नौ सीटों पर नए विधायक का फैसला शनिवार को हो जाएगा। चार मार्च को ही वोट डालने वाले 19.03 लाख मतदाताओं ने 127 प्रत्याशियों में से किसे स्वीकारा और किसे नकारा, इसका पता चल जाएगा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गोरखपुर यूनिवर्सिटी में सुबह आठ बजे से मतों की गिनती शुरू होगी। पहले पोस्टल मतों की गिनती होगी और उसके बाद ईवीएम का नंबर आएगा। सुबह 10 बजे से रुझान तो दोपहर से नतीजे आने लगेंगे। सबसे पहले चौरीचौरा विधानसभा सीट का नतीजा आएगा। वहां सिर्फ 26 राउंड ही गिनती होनी है। इसी तरह सबसे आखिरी में शहर सीट का फैसला होगा, यहां सर्वाधिक 34 राउंड की गिनती होनी है। कैंपियरगंज, पिपराइच में 29-29 राउंड की गिनती होगी।
मतगणना के लिए प्रत्येक विधानसभा में 14 टेबल लगाई गई हैं। इसके अलावा दो और टेबल लगाई गई हैं। इनमें एक पर मतों को कंपाइल किया जाएगा तो दूसरा प्रेक्षक रिपोर्ट के लिए होगा। हर टेबल पर चार कर्मचारी होंगे। इनमें एक मतगणना सुपरवाइजर जो कि राजपत्रित अधिकारी होंगे। इसके बाद जेई या मास्टर ट्रेनर स्तर के गणना सहायक होंगे। तीसरा कर्मचारी अतिरिक्त गणना सहायक होगा जो माइक्रोआब्जर्वर और सेंट्रल कर्मचारी होगा। चौथा कर्मचारी चतुर्थ श्रेणी का होगा। नतीजे निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी ऑनलाइन देखें जा सकेंगे।
विधानसभा बूथ पड़े मत राउंड
कैंपियरगंज 394 216528 29
पिपराइच 394 245367 29
शहर 474 218349 34
ग्रामीण 422 235533 31
सहजनवां 381 208506 28
खजनी 408 187425 30
चौरीचौरा 355 193411 26
बांसगांव 411 178227 30
चिल्लूपार 461 220077 33
विधानसभा प्रत्याशियों की संख्या
कैंपियरगंज 14
पिपराइच 19
शहर 23
ग्रामीण 12
सहजनवां 12
खजनी 10
चौरीचौरा 20
बांसगांव 8
चिल्लूपार 9
विधानसभा गणना स्थल
कैंपियरगंज व पिपराइच- दीक्षा भवन के भूतल
शहर और ग्रामीण- कामर्स ब्लाक
सहजनवां व बांसगांव- दीक्षा भवन के द्वितीय तल
चौरीचौरा व खजनी- दीक्षा भवन का प्रथम तल
चिल्लूपार- कन्वेंशन हाल