फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इमला बोलकर हुई नकल, दूसरे की जगह दी परीक्षा

Fri, 17 Mar 2017 12:47 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।
विज्ञापन
एडी कन्या इंटर कॉलेज में परीक्षा देतीं छात्राएं। - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
यूपी बोर्ड की परीक्षा का पहला दिन अव्यवस्था और नकल के नाम रहा। ज्यादातर ग्रामीण विद्यालयों में इमला बोलकर नकल कराने की सूचनाएं आईं। वहीं जिन पर नकल रोकने की जिम्मेदारी थी, वे पूरे दिन यूनिवर्सिटी में ट्रेनिंग लेते रहे। दो परीक्षा केंद्रों पर एक दर्जन से ज्यादा लोगों को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया। हालांकि दबाव में आकर केंद्र व्यवस्थापकों ने उन्हें छोड़ दिया। सिर्फ इंद्रपति यादव धनपति देवी कन्या इंटर कॉलेज, जंगल बब्बन भौराबारी के केंद्र व्यवस्थापक ने दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे सुजीत कुमार को पुलिस के हवाले कर दिया।
विज्ञापन


पहले दिन सुबह की पाली में हाईस्कूल की हिंदी और इंटरमीडिएट में सैन्य विज्ञान की परीक्षा हुई। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की सामान्य हिंदी के प्रथम प्रश्नपत्र की परीक्षा हुई। हाईस्कूल में नामांकित 93,446 परीक्षार्थियों में 9854 ने परीक्षा छोड़ी तो इंटरमीडिएट सैन्य विज्ञान में नामांकित 95 परीक्षार्थियों में 7 ने परीक्षा छोड़ दी। सचल दल में शामिल लेखपाल, कानूनगो और सहायक विकास अधिकारी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण छोड़ ट्रेनिंग में ही व्यस्त रहे। अक्षवयर इंटर कॉलेज और खानिमपुर इंटर कॉलेज पिपरौली में छात्रों की संख्या बढ़ने से अफरा-तफरी मच गई। खानिमपुर कॉलेज में 600 छात्रों के बैठने की व्यवस्था थी लेकिन 688 छात्र परीक्षा देने पहुंच गए। इनके बैठने के लिए बाद में पास के एक टेंट हाउस से कुर्सियां मंगानी पड़ी।

पुलिस के हस्तक्षेप पर छात्रा ने दी परीक्षा
भोलाराम मस्करा इंटर कॉलेज, सहजनवां में छात्रा प्रिया गुप्ता को उपस्थिति 75 प्रतिशत न होने एवं फीस न जमा होने के चलते प्रधानाचार्य ने परीक्षा में बैठाने से मना कर दिया। परेशान छात्रा ने पुलिस को सूचना दी। सहजनवां इंस्पेक्टर के हस्तक्षेप के बाद प्रधानाचार्या ने छात्रा को परीक्षा में बैठने की अनुमति दी। सवा दो बजे छात्रा को रूम प्लान के मुताबिक कमरा नंबर 31 में बैठाया गया। 
विज्ञापन


सहजनवां में तीन विद्यालयों पर केस
प्रवेश पत्र न मिलने से हाईस्कूल की परीक्षा से वंचित क्षेत्र के 41 छात्रों ने बृहस्पतिवार को डीएम से मुलाकात करने के बाद थाने पर प्रदर्शन किया। छात्रों की तहरीर पर पुलिस ने तीन विद्यालय के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। ज्ञातव्य है कि बुधवार को विद्यार्थियों ने एसडीएम दिनेश मिश्र से शिकायत की थी कि सरस्वती देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शहीद आरबी सिंह मेमोरियल पूर्व माध्यमिक विद्यालय, ताराचंद्र अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर में हाईस्कूल की परीक्षा का प्रवेश पत्र नहीं दिया जा रहा है। इससे साल बर्बाद होने के साथ भविष्य पर भी खतरा मंडरा रहा है। एसडीएम ने तत्काल जिला विद्यालय निरीक्षक को कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। मुकदमा दर्ज न होने पर छात्रों ने बृहस्पतिवार को डीएम सन्ध्या तिवारी से मुलाकात कर मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। यहां से सभी छात्र सहजनवां थाने पर पहुंचे और प्रदर्शन कर नारेबाजी शुरू कर दिए। छात्रों की तहरीर पर पुलिस ने तीनों विद्यालयों के प्रबंधक और प्रधानाचार्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। छात्रों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की भी मांग की है। इंस्पेक्टर राकेश यादव ने बताया कि विद्यालयों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। प्रदर्शन करने वालों में सत्यम निगम, रोहित सिंह, नवीन सिंह, अभिषेक गुप्ता, आदित्य गुप्ता, प्रियांशु पांडेय, अमन भारती, विकास निगम, पवन यादव, अभिषेक यादव, अभयजीत यादव सहित कई छात्र शामिल रहे।

दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते 12 पकड़े गए
बड़हलगंज में गुरुकुल इंटर कॉलेज मिश्रौली केंद्र पर दूसरे के प्रवेश पत्र पर हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए 12 छात्र बैठे थे। जांच के दौरान पता चला कि यह गलत तरीके से दूसरे के स्थान पर परीक्षा देना चाहते हैं। इन छात्रों को केंद्र व्यवस्थापक ने कमरे से बाहर निकाल कर प्रांगण में बैठा दिया और 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। इसी बीच सभी छात्र परीक्षा केंद्र से भाग निकले।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें