जटहा थाना क्षेत्र के मंसाछापर पुलिस चौकी पर तैनात एक सिपाही पर शुक्रवार को एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा। घटना से गुस्साएं लोगों ने चौकी पर पहुंच कर तोडफोड़ की। भीड़ का तेवर देख कर पहले ही चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी भाग खडे हुए। भीड़ ने आरोपी सिपाही पर कार्रवाई की मांग को लेकर चौकी के सामने ही सड़क जाम कर दिया और वहीं धरने पर बैठ गए। करीब ढाई घंटे लोग पुलिस विरोधी नारे लगाए और जाम लगाए रखा। इधर कई थानों की फोर्स एवं पीएसी के साथ एएसपी मौके पर पहुंच गए और पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर आरोपी सिपाही पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर भीड़ वहां से हटी।
आरोप है कि क्षेत्र की रहने वाली एक 15 वर्षीय किशोरी शाम साढ़े चार बजे के करीब मंसाछापर पुलिस चौकी के पास लगे हैंडपंप पर बाल्टी में पानी भरने गई थी। उसी दौरान 2018 बैंच का एक सिपाही मौका देख कर किशोरी को कमरे में खींच ले गया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता रोती बिलखती घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। उसके बाद धीरे-धीरे लोगों को घटना की जानकारी हुई। उसके बाद भीड़ पुलिस चौकी पर पहुंच गई। इधर भीड़ को चौकी की तरफ आते देख पुलिस कर्मी भाग खड़े हुए।
उग्र भीड़ ने चौकी पर रखे मेज, कुर्सी आदि को तोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। भीड़ आरोपी पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस चौकी के सामने पडरौना- बलकुड़िया मार्ग को जाम कर दिया और वहीं धरने पर बैठ गए। गुस्साए लोग पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी करने लगे। सूचना पर जटहां, नेबुआ, हनुमामगंज, कोतवाली पडरौना समेत कई थानों की पुलिस और पीएसी भी पहुंच गई, लेकिन उग्र भीड़ शांत नही हुई।
बाद में एएसपी हरिगोविंद मिश्रा मौके पर पहुंचे और पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिए, तब जाकर भीड़ वहां हटी। एसपी राजीव नारायन मिश्र ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी सिपाही के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। यदि आरोपों की पुष्टि हुई तो आरोपी सिपाही पर नियम संगत तरीके से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी सिपाही को पुलिस की अभिरक्षा में ले लिया गया है।