संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में मौजूद कमिश्नर। साथ मे डीएम ,एसपी ट्रैफिक।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
टैक्स न जमा करने वाले 100 वाहनों का सर्वे नहीं करने पर कमिश्नर अनिल कुमार ने सभी एआरटीओ का वेतन रोकने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि जब इन वाहनों का सर्वे न हो जाए तब तक उनके वेतन रोके रखा जाए। उन्होंने यह कार्रवाई सोमवार को संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक के दौरान की।
कमिश्नर ने प्राधिकरण की पिछली बैठक में ही इन वाहनों का सर्वे कर संबंधित से टैक्स जमा कराने को कहा था। बावजूद इसके अफसरों ने इसमें कोई रुचि नहीं दिखाई। सोमवार की समीक्षा के दौरान जब कमिश्नर ने प्रगति पूछी तो अफसर बगले झांकने लगे। इससे खफा कमिश्नर ने वेतन रोकने का आदेश दिया। बैठक के दौरान उन्होंने जनपद में सिटी बस चलाने के लिये कार्य योजना बनाने के लिए कहा। उन्होंने आरटीओ को निर्देश दिया कि वे रूट और संचालन के डीएम और एडीएम के साथ बैठक कर विस्तृत योजना बनाएं।
इसी तरह कमिश्नर ने टैंपो की पार्किंग के लिए स्थान चिह्नित करने और वहीं पर पार्किंग कराने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान उन्होंने 24 ट्रक, 6 टैक्सी तथा 8 आटो रिक्शा सहित 38 वाहनों का परमिट निरस्त करने के भी निर्देश दिए। बैठक में डीएम संध्या तिवारी समेत परिवहन विभाग के कई अफसर मौजूद रहे।