एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री से मिलने के लिए नोकझोंक करते सपाई।
- फोटो : shivharsh
प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के स्वागत में सोमवार की सुबह एयरपोर्ट पहुंचे सपाई आपस में भिड़ गए। एयरपोर्ट के भीतर जाने के लिए करीब डेढ़ दर्जन सपाइयों की सूची तैयार हुई थी। सूची में सपा के जिलाध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, एमएलसी संतकबीरनगर, जिला पंचायत अध्यक्ष, महासचिव आदि के साथ ही पूर्व प्रवक्ता कालीशंकर का भी नाम शामिल था। इसे लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष के पति एवं जिला महासचिव मनुरोजन यादव ने विरोध शुरू कर दिया।
उन्होंने उनके एयरपोर्ट के अंदर जाने पर आपत्ति दर्ज कराई और सूची में नाम पड़ने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। जिला महासचिव की दलील थी कि कुछ दिन पूर्व पार्टी से निष्क ासित किए जाने के बाद वे मुख्यमंत्री को गाली दे रहे थे। ऐसे में उन्हें मुख्यमंत्री से नहीं मिलने देना चाहिए। वही जिलाध्यक्ष डॉ. मोहसिन खान और पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश यादव, कालीशंकर के पक्ष में खड़े हो गए।
उनका कहना था कि मुख्यमंत्री ने ही उन्हें पार्टी से बाहर निकाला था और उन्होंने ही उनका निष्कासन भी रद्द किया। ऐसे में उनके मुख्यमंत्री से मिलने पर किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। करीब आधे घंटे तक चला यह हंगामा, पार्टी के ही कुछ पुराने नेताओं के हस्तक्षेप के बाद शांत हुआ। इसके बाद सपाइयों ने एयरपोर्ट पर ही सीएम का जोरदार स्वागत किया।
मुख्यमंत्री यहां 9.42 पर स्टेट प्लेन से पहुंचे और करीब 10 मिनट बाद हेलीकाप्टर से बलिया के लिए रवाना हो गए। उनके यहां लौटकर दोबारा प्लेन से ही लखनऊ जाने का कार्यक्रम था मगर वे यहां नहीं आए और बलिया से ही लखनऊ रवाना हो गए।