मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब हर गांव में स्टेडियम होगा। पढ़ाई के साथ ही बच्चे खेलकूद में पारंगत हों, यह सुनिश्चित कराया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के अच्छे प्रतिभावान खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स कॉलेज में दाखिला दिलाया जाएगा। कहा, नौकरी हो चाहे खेल, प्रतिभा को सम्मान मिलेगा। खेल को मंच और खिलाड़ी को बेहतर सुविधा मुहैया कराई जाएगी।
दो दिवसीय (27-28 जनवरी) दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री ने सोमवार को वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में सिंथेटिक हॉकी मैदान और कुश्ती हॉल सहित 24.98 करोड़ रुपये की लागत वाली आठ परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
साथ ही 11.56 करोड़ रुपये की लागत वाली नौ परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों में स्टेडियम बनाने की जिम्मेदारी खेल और राजस्व विभाग को दी गई है। इसके लिए स्थानीय जरूरतों का ध्यान रखा जाएगा।
सीएम ने कहा कि स्पोर्ट्स कोटे के खाली पद जल्द भरे जाएंगे। राष्ट्रीय या फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक प्राप्त करने वाले अच्छे खिलाड़ियों को नियुक्ति मिलेगी। ओलंपिक में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को अब छह करोड़, चार करोड़ और दो करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया जा रहा है। कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेताओं को भी अच्छी प्रोत्साहन राशि दी जाती है।