महाराजगंज के मुख्य विकास अधिकारी पवन अग्रवाल ने सोमवार की दोपहर करीब एक बजे जिला गोसदन मधवलिया पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोसदन में हो रही साफ-सफाई, चारे-पानी से लेकर विकास कार्यो के बारे में जानकारी ली। वहीं विकास कार्य से संबंधित कर्मचारियों को निर्देश देते हुए जल्द ही चार वर्मीकम्पोस्ट व तीन रैंप बनवाने को कहा। उसके बाद गोसदन में निर्माणधीन पांच पशु शेड को 30 अक्तूबर तक पूर्ण कराने के लिए ठेकेदार को चेतावनी दी।
तहसील क्षेत्र के गांव मैरी स्थित जिला गोसदन मधवलिया निरीक्षण करने पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी पवन अग्रवाल ने सबसे पहले पशु शेड में सफाई कर्मचारियों द्वारा की जा रही साफ सफाई को देखा। उसके बाद नियमित समय पर सफाई कर दवा का छिड़काव करने का निर्देश दिया।
वहीं पशु शेड से बाहर गोवंशीय पशुओं को पानी पीने के लिए बने पानी टैंक का निरीक्षण किया। जहां पर पशु चिकित्सकों ने बताया कि पशुओं को स्वास्थ्य सुधारने के लिए पौष्टिक दवा घोलकर पिलाया जा रहा है। उसके बाद उन्होंने पशु चिकित्सकों से पशुओं के इलाज के दवाओं की जानकारी ली। जिस दौरान चिकित्सकों ने बताया कि पशुओं के इलाज के लिए दवा की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है।
इन्होंने पशुओं को पोखरी में उतरने व चढ़ने के लिए तीन और रैंप का तत्काल निर्माण कराने के लिए डीसी मनरेगा उपेन्द्र पाल को निर्देश दिया। वहीं एक करोड़ 80 लाख की लागत से निर्माणधीन पांच पशु शेड को 30 अक्तूबर तक पूरा करने के लिए संबंधित ठेकेदार को चेतावनी दिया।
वहीं गोसदन की आय बढ़ाने के लिए छह मीटर लंबा व छह मीटर चौड़ा तथा दो मीटर गहराई के चार वर्मीकपोस्ट बनाने के लिए संबंधित कर्मचारी को निर्देश दिया। इस दौरान सयुंक्त निदेशक डॉ० अनिल कुमार शर्मा, एडीओ पंचायत राधेश्याम गुप्ता, ओंकार नाथ सिंह, ईश्वर वर्मा, बालेश्वर यादव, रामू यादव, शमशाद अहमद, चंद्रप्रकाश गुप्त, मुक्तिनाथ गुप्ता आदि मौजूद रहे।