स्वतंत्रता संग्राम में चौरीचौरा के इतिहास से नई पीढ़ी को रूबरू कराने के लिए चौरीचौरा फिल्म सोसाइटी के सहयोग से दो दिवसीय दूसरा फिल्म फेस्टिवल अवाम का सिनेमा का आगाज मंगलवार को डुमरी खुर्द में देशभक्ति एकल गीत से हुआ। डुमरी खुर्द के गुड्डू पांडेय ने एकल गीत से बार्डर पर लड़ाई के परिदृश्य को जीवंत कर दिया।
फेस्टिवल में चिटगांव और द मैन हू मुव्ड दी माउंटेन पर बनी डाक्यूमेंट्री दिखाई गई जिसमें चिटगांव तत्कालीन बंगाल के महान क्रांति वीर मास्टर सूर्यसेन दा के नेतृत्व में क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों का शस्त्रागार अपने कब्जे में कर लिया था। सौ मिनट की यह डाक्यूमेंट्री चिटगांव की गौरव गाथा का बया करती है। चिटगांव, चौरीचौरा की घटना के बाद क्रांतिकारियों की बड़ी जीत थी। वहीं द मैन हू मुव्ड दी माउंटेन डाक्यूमेंट्री में माउंटेन मैन के नाम से पूरी दुनिया में विख्यात दशरथ मांझी की कहानी है। जिसने छीनी और हथौड़ी से गहलौर घाटी के पहाड़ का सीना चीर कर आम जनता के लिए रास्ता बनाने का दृश्य दिखाया गया है।
फिल्म फेस्टिवल के मुख्य अतिथि देशभक्त आंदोलन में शहीद बंधु सिंह के परिवार से जुड़े विनय कुमार सिंह बिन्नू ने कहा कि आजादी में चौरीचौरा के शहीदों के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। यहां के वीरों ने अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन ही नहीं छोड़ा बल्कि 4 फरवरी 1922 में अंग्रेजों के खिलाफ चौरीचौरा थाने में पुलिस कर्मियों को बंद कर आग लगा दी थी। इसके लिए क्रांतिकारियों को फांसी और काली पानी की सजा हुई थी। बंधु सिंह ने देशहित के लिए अंग्रेजों से लोहा लेने के लिए जान की बाजी लगा दी थी। आज उनके इतिहास को हमें याद करते हुए गर्व होना चाहिए की चौरीचौरा की इस धरती पर ऐसे वीरों ने जन्म लिया। कार्यक्रम में देश की आजादी के लिए सब कुछ न्योछावर करने वाले वीर शहीदों पर चित्रकला प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया।
इस मौके पर अवाम का सिनेमा के संस्थापक शाह आलम और चौरीचौरा फिल्म फेस्टिवल आयोजन समिति के सदस्य व डुमरी खुर्द के प्रधान चंद्रशेखर सिंह, अविनाश यादव, वृज यादव, सरोज तिवारी, कल्लन, अरविंद मूर्ति, सच्चिदानंद मिश्र, विजेंद्र अग्रहरि, डॉ. विभ्राट चंद्र कौशिक, धनंजय सिंह के अलावा अन्य लोग मौजूद रहे।
चौरीचौरा के शहीदों के परिवार का सम्मान
फ्ल्मि फेस्टिवल में शहीदों के परिवार के मुन्ना, सुभाष यादव, विद्यावती, मैनुद्दीन, हरिलाल, रामनारायण, वृजराज यादव को शाल भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा समाज सेवी रामाश्रय और अंबिका सिंह को भी सम्मानित किया गया।