मजनू चौकी के इंचार्ज सहित दो दरोगा निलंबित
गोरखपुर। कच्ची शराब का धंधा रोक पाने में नाकाम रहने के चलते एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता ने सोमवार को मजनू चौकी के प्रभारी मनोज कुमार और गीडा थाने के दरोगा सुशील प्रसाद को निलंबित कर दिया। एसएसपी ने कहा कि जहां भी इस तरह की शिकायत मिलेगी, उसकी वह गोपनीय जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।
एसएसपी के मीडिया सेल से मिली सूचना के अनुसार चिलुआताल थाना अंतर्गत मजनू चौकी क्षेत्र में अवैध तरीके से शराब बनाने और बेचने की लगातार शिकायत मिली रही थी। एसएसपी ने गोपनीय जांच कराई तो मामला सही पाया। उन्होंने चौकी प्रभारी मनोज कुमार वर्मा को निलंबित कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार इसी क्षेत्र में दस दिन पूर्व दारोगा विशाल उपाध्याय को भी शराब का धंधा न रोक पाने पर चौकी से हटाया गया था।
मनोज कुमार वर्मा के जाने के बाद भी शराब बिक्री में कमी नहीं पाई गई। वहीं दूसरी तरफ एसएसपी ने गीडा थाने पर तैनात दरोगा सुशील प्रसाद को भी निलंबित कर दिया। सुशील प्रसाद के हल्के में शराब बनाने और बेचने की काफी शिकायत आई थी। एसएसपी ने कच्ची शराब का धंधा करने वालों पर कार्रवाई के लिए थानेदारों और दरोगाओं को निर्देश दिए हैं। अभियान में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।