हिस्ट्रीशीटर फरार, चेन स्नेचर गिरफ्तार
गोरखपुर। तिवारीपुर पुलिस ने सोमवार की भोर में चेन स्नेचर को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक, 4100 रुपये और तमंचा बरामद किया। जबकि उसके साथ जा रहा हिस्ट्रीशीटर फरार हो गया।
तिवारीपुर के एसएसआई सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि 13 जून 2019 की शाम को सूरजकुंड पुल के पास बाइक सवार बदमाशों ने बाजार जा रही महिला की चेन लूट ली थी। पुलिस बदमाशों की तलाश में थी। सोमवार की भोर में मुखबिर से सूचना मिली की बाइक से दो बदमाश किसी घटना को अंजाम देने जा रहे हैं। पुलिस सूरजकुंड पुल के पास खड़ी हो गई। तभी बाइक पर सवार दो बदमाश आते दिखे। पुलिस ने घेराबंदी कर एक बदमाश को पकड़ लिया। उसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पकड़े गए बदमाश की पहचान बख्तियार मोहल्ला निवासी शाहनवाज के रूप में हुई। फरार बदमाश की पहचान रिंकू उर्फ शाकिर के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि शाहनवाज कई चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। वहीं रिंकू उर्फ शाकिर तिवारीपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
पूर्व पार्षद की लूटी थी चेन
गोरखपुर। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए चेन स्नेचर ने अपने साथी के साथ मिलकर इलाहीबाग की पूर्व पार्षद नसीबुन्निशा से 13 जून की रात में चेन लूट ली थी। पूर्व पार्षद पति और नाती के साथ शादी समारोह से घर लौट रही थीं। बदमाशों का पीछा करने में स्कूटी से गिरने से तीनों को चोट भी आई थी। सीसी कैमरे की फुटेज से पुलिस ने बदमाशों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही थी।