होली की शाम गोरखनाथ इलाके में हुए सड़क हादसे की सीसीटीवी फुटेज मंगलवार को सामने आई। फुटेज से स्पष्ट हो गया है कि कार ने गलत लेन में घुस कर दोनों बहनों को टक्कर मारी थी। टक्कर की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि बहनें हवा में करीब छह फीट ऊपर तक उछलीं थीं। दोनों गंभीर रूप से घायल हैं और एयरफोर्स अस्पताल में भर्ती हैं।
पुलिस ने सैनिक पिता चंद्रशेखर से कई बार तहरीर बदलवाने के बाद केस तो दर्ज कर लिया लेकिन आरोपी कार चालक का अभी तक पता नहीं चल सका है। गोरखनाथ थाना क्षेत्र के लच्छीपुर शांतिपुरम निवासी चंद्रशेखर मल्ल सेना में नायक हैं। उनकी तैनाती श्रीनगर में है।
21 मार्च को होली की शाम करीब पांच बजे उनकी बेटियां नेहा (18) व निधि (13 ) पैदल ही बाजार जा रहीं थीं। मुख्य रोड पर राणीसती दादी मंदिर के सामने नकहा ओवरब्रिज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
चाचा संतोष मल्ल ने बताया कि बहनों की स्थित चिंताजनक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि नेहा इंटर पास है जबकि निधि इस साल हाईस्कूल में गई है। नेहा के सिर में और कमर में गंभीर चोट है। दुर्घटना से उसके दिमाग पर गहरा असर पड़ा है।