अब रोडवेज बसों में यात्रा के दौरान यात्री तीसरी आंख की निगरानी में यात्रा करेंगे। बसों में सीसीटीवी कैमरा लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रथम चरण में गोरखपुर से चलने वाली तीन एसी बसों में कैमरा लगा दिया गया है। हालांकि, अभी कैमरों को जीपीएस सिस्टम (ग्लोबल पोजिशिनिंग सिस्टम) से नहीं जोड़ा गया है। लेकिन भविष्य में इसे जोड़ने की योजना है।
बस में यात्रा के दौरान यात्रियों की सहूलियत के लिए बसों में सीसीटीवी कैमरा लगाने का शासन ने निर्देश दिया था। लेकिन एक साल बाद भी इस दिशा में कोई खास पहल नहीं हो सकी थी। गोरखपुर डिपो को मुख्यालय की तरफ से तीन एसी बसें मिली हैं। इन्हें गोरखपुर से लखनऊ रूट पर चलाया जा रहा है।
इन बसों में ही सीसीटीवी कैमरा लगा दिया गया है। इससे यात्रा की पूरी रिकॉर्डिंग होगी। अब इन कैमरों को जीपीएस सिस्टम से जोड़ने की कवायद चल रही है। इससे मुख्यालय में बैठे अधिकारी भी नजर रख सकेंगे। भविष्य में साधारण बसों में भी इसे लगाने पर विचार चल रहा है।
इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक सुग्रीव कुमार राय ने बताया कि कैमरा लगाने की योजना लगभग एक साल पुरानी है। लेकिन मुख्यालय से कैमरा नहीं मिलने की वजह से इसे लगाया नहीं जा सका।