कुशीनगर की रहने वाली एमए की छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी बहराइच में तैनात सिपाही सूरज रावत के खिलाफ गोरखनाथ थाने में केस दर्ज कर उसे हिरासत में लिया गया। एसएसपी के आदेश पर छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म और गर्भपात कराने की धाराओं में यह कार्रवाई की। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण भी कराया है। छात्रा गोरखनाथ इलाके में किराए पर कमरा लेकर एमए की पढ़ाई करती है।
बताया कि पड़रौना में सूरज रावत से वर्ष 2014 में उसकी मुलाकात हुई। वह एक टिकट बुकिंग का काम करने वाली दुकान में नौकरी करती थी। यही पर पड़रौना निवासी सूरज का भी आना-जाना था। 2016 में वह सिपाही बन गया। फिर छात्रा को पढ़ाई के लिए गोरखपुर लेकर आया।
सूरज ने ही बीए और एमए की पढ़ाई कराई। किराए पर कमरा भी उसी ने लिया था। आरोप है कि वह शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करता रहा। इसी दौरान उसे गर्भ ठहर गया। इसकी जानकारी होने पर सूरज उसे गर्भपात की दवा खिला दी। छात्रा ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई थी।
छात्रा ने शादी की इच्छा भी जताई
पुलिस को बयान देने के दौरान ही छात्रा ने शादी की इच्छा भी जताई है। उधर, केस दर्ज होने के साथ ही आरोपी सिपाही सस्पेंड हो गया है। उसकी बर्खास्तगी की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। ऐसे में यदि वह शादी नहीं करता है तो उसकी नौकरी पर संकट आ जाएगा। इस बात को समझते हुए सिपाही के घरवाले भी शादी को राजी हो गए हैं। लेकिन छात्रा को अनहोनी का भी डर है।
छात्रा की तहरीर पर सिपाही पर दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस से उसने शादी की इच्छा भी जताई है।
- प्रवीण सिंह, सीओ (गोरखनाथ)