गोरखपुर। बेतियाहाता में दवा व्यापारी को गोली मारे जाने के विरोध में भालोटिया मार्केट के व्यापारियों ने टाउनहाल गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान दवा व्यापारियों ने 27 मार्च तक दवा मंडी बंद रखने का एलान किया है।
मौके पर पहुंचे एसपी सिटी ने शीघ्र पर्दाफाश का आश्वासन दिया। उधर, घायल दवा व्यापारी मनीष केडिया की हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने इलाज के लिए पीजीआई रेफर कर दिया।
मंगलवार की रात बेतियाहाता स्थित घर के पास मनीष केडिया को बदमाशों ने गोली मार दी थी। गंभीरावस्था में उन्हें जिला अस्पताल फिर मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया। गोली जबड़े में फंसी होने के नाते हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया।
बुधवार को भलोटिया मार्केट में दवा व्यापारियों ने बैठक की और दुकानें बंद कर दोपहर एक बजे टाहउन हाल गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। दवा विक्रेता समिति के महामंत्री दिलीप सिंह ने कहा कि आए दिन व्यापारियों को निशाना बनाया जा रहा है।
पुलिस जल्द पर्दाफाश का आश्वासन तो देती है मगर एक भी हमलावर को पकड़ नहीं पा रही है।
योगेंद्र नाथ दुबे, आलोक चौरसिया ने कहा कि अब व्यापारी आश्वासन से मानने वाले नहीं है। राजेश तुलस्यान, अशोक गुप्ता, राजेश अग्रवाल, दंभ सिंह, नरसिंह पांडेय, अवनिश श्रीवास्तव, नितेश अग्रवाल, छोटेलाल गुप्ता, संजय उपाध्याय, नीरज पाठक, अर्जुन अग्रवाल, शरद मयंक मौजूद रहे।