खंभे में बांधकर युवक को बेरहमी से पीटा
सहजनवां (गोरखपुर)। इलाके में अनुसूचित जाति के एक युवक पर चोरी का आरोप लगाकर खंभे से बांधकर पीटे जाने का मामला सामने आया है। चर्चा यह भी है कि घटना का वीडियो भी वायरल हुआ है। मंगलवार को सहजनवां तहसील दिवस में पीड़ित युवक ने अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर घटना से अवगत कराया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
घटना 27 अगस्त की है। कटका गांव निवासी प्रदीप कुमार के मुताबिक उसके पिता गांव के बाहर घर बनवा कर रहते हैं। वह 27 अगस्त की रात तकरीबन 9:30 बजे उनसे मिलकर गांव में स्थित मकान पर जा रहे थे। पुरानी रंजिश में गांव के ही निषाद परिवार के कुछ लोगों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। चोरी का आरोप लगाते हुए एक खंभे से बांध दिया और फिर बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। सूचना पर आई पुलिस ने उसे ही चोर समझकर जेल भेज दिया। जेल से जमानत पर छूटने के बाद उसने थाने से लेकर एसएसपी तक शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हो सकी। तहसील दिवस में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सरनीत कौर ब्रोका ने पीड़ित की प्रार्थना पत्र पर पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस ने मनबढ़ों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।