बॉलीवुड कलाकारों से सजेगी महोत्सव की शाम
गोरखपुर। 11-13 जनवरी तक आयोजित होने वाले गोरखपुर महोत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को कमिश्नर की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें महोत्सव के आयोजन के लिए समितियां गठित की गईं। कई छोटी-छोटी उप समितियां भी बनाई जाएंगी। तीन दिवसीय कार्यक्रम में बॉलीवुड कलाकार एक बार फिर रंगारंग प्रस्तुति देंगे।
कमिश्नर जयंत नार्लिकर ने आयुक्त सभागार में बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की। कहा कि गोरखपुर महोत्सव का आयोजन गोरखपुर विश्वविद्यालय के क्रीड़ा संकुल के साथ साथ चंपा देवी पार्क, नुमाइश ग्राउंड एंव रामगढ़ताल में करने की योजना है। इस दौरान जनपद की लोक कलाओं व अन्य विधाओं के कलाकारों को मंच देने का भी कार्य किया जाएगा। पारंपरिक खेलकूद के साथ ही माध्यमिक, उच्च माध्यमिक एंव उच्च शिक्षा हासिल कर रहे विद्यार्थियों की ओर से विभिन्न कार्यक्रम और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। शिल्प मेला एंव बॉलीवुड के कलाकारों के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। बच्चों के मनोरंजन के लिए बाल फिल्म महोत्सव के आयोजन की भी योजना है। इसके अलावा अपने क्षेत्र में अच्छा काम करने वाले व्यक्तियों तथा साहित्य, कला, अध्ययन, पत्रकारिता, लेखन, लोक कला एंव सामाजिक कार्य से जुड़े हुए व्यक्तियों को भी सम्मानित किए जाने की योजना है। बैठक में डीएम के विजयेंद्र पांडियन, जीडीए वीसी दिनेश कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रवींद्र मिश्रा, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी एके पांडेय समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।