गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता सूची को लेकर चल रहे पुनरीक्षण कार्य की कमिश्नर पी गुरु प्रसाद ने बुधवार को समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बीएलओ को प्रत्येक दावे और आपत्तियों की घर-घर जाकर समीक्षा करने का निर्देश दिया।
साथ ही कहा कि बीएलओ आवेदन पत्रों के साथ संलग्न प्रमाण पत्रों का मूल प्रमाण पत्रों से मिलान करें और फ ॉर्म पर पदाभिहित अधिकारी से स्वीकृत या अस्वीकृत लिखकर अपना नाम, पदनाम और कोड सहित हस्ताक्षर करें। इसके बाद सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/जिलाधिकारी के हस्ताक्षर करेंगे।
उन्होंने कहा कि ऐसे फॉर्म-18 जो प्राइवेट तौर पर छापे गए हैं, उन पर यदि किसी पार्टी विशेष के चिह्न आदि छपे हों तो उन्हें निरस्त कर दिया जाए। इसके अतिरिक्त जिनके साथ अतिरिक्त सूचना का विवरण नहीं दिया गया है, वे भी फॉर्म स्वीकार कर उनके संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने बूथों का निरीक्षण करने के निर्देश देने के साथ कहा कि यदि कहीं पर बूथ बढ़ाना है या बदलना है तो उसके संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार कर लें तथा उसे मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजने के लिए मुहैया करा दें।
कमिश्नर ने बताया कि दावे, आपत्तियों के निस्तारण की नियत तिथि 15 जनवरी है। इसके बाद पूरक सूचियों की तैयारी एवं मुद्रण का कार्य 22 जनवरी तक तथा नामावलियों का अंतिम प्रकाशन 29 जनवरी को किया जाएगा। पूरक सूचियां अंग्रेजी वर्णक्रम के अनुसार तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद श्रावस्ती एवं गोरखपुर में मतदाता सूची को फ ोटोयुक्त तैयार करने की काम चल रहा है।
कमिश्नर ने दूसरे जनपदों से भी इस प्रकार की कार्रवाई की अपेक्षा की। कमिश्नर ने प्राप्त आवेदन पत्रों के निस्तारण के लिए जनपद सुल्तानपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, बहराइच, सिद्धार्थनगर, गोण्डा, मऊ तथा अमेठी को विशेष रूप से तेजी लाने के लिए निर्देश दिए। बैठक का संचालन उप निदेशक बचत एवं नोडल अधिकारी निर्वाचन क्षेत्र बीएन मिश्र ने किया। इस अवसर पर अपर आयुक्त बसंत राम सहित निर्वाचन क्षेत्र के 17 जनपदों के अपर जिलाधिकारी एवं सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी उपस्थित थे।