पूर्वांचल में चुनावी गतिविधियों को संचालित करने के लिए भाजपा गोरखपुर को केंद्र बनाएगी। 15 फरवरी से विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारियों सहित अन्य पदाधिकारियों की बैठक से इसकी शुरूआत होने जा रही है। इसे देखते हुए 14 फरवरी को नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्टी के दिग्गज यहां डेरा डाल देंगे और यहीं से पूरे परिक्षेत्र के चुनाव का संचालन करेंगे।
पश्चिम उत्तर प्रदेश में मतदान के बाद भारतीय जनता पार्टी पूर्वी उत्तर प्रदेश सहित उससे करीब के अन्य हिस्सों पर भी फोकस कर रही है। पार्टी के मुताबिक बुधवार को विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी, सहायक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी के अलावा क्षेत्रीय टीम की बैठक होगी, जिसमें चुनाव अभियान को अंतिम रूप दिया जाएगा। बैठक में केंद्रीय पदाधिकारियों के शामिल होने की पूरी संभावना है।
दूसरी तरफ सीटों के बंटवारे के बाद पार्टी में उठे बगावत के सुर किस तरह से दबाए जाएं, इस पर भी बैठक में विचार किया जाएगा। वर्षों तक कई नेता पार्टी के लिए कार्य करते रहे। उनमें से कई अलग-अलग विधानसभा सीटोें से टिकट के दावेदार रहे, पर टिकट उन्हें दे दिया गया, जिनका पार्टी में कोई वजूद नहीं था। कई विधानसभा सीटों से बागी मैदान में उतरने के लिए नामांकन या तो कर चुके हैं या तैयारी में हैं। उन्हें मनाने का भी प्रयास हो रहा है। कोशिश होगी कि जिन लोगों ने नामांकन कर दिया है, वे अपना पर्चा वापस ले लें, या जो करना चाह रहे हैं, वे दाखिल न करें।