गोरखपुर। शाहपुर के जंगल तुलसीराम, बिछिया में व्यापारी की बेटी से छेड़छाड़ करने वाले युवकों ने विरोध करने पर जमकर उत्पात मचाया।
गेट तोड़कर में घर में दाखिल होने के बाद उन्होंने न सिर्फ मां-बेटे की पिटाई कर दी बल्कि तोड़फोड़ कर आगजनी का भी प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। परिवार के लोगों ने रुपये, जेवर और सामान लूटने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
जंगल तुलसीराम बिछिया में व्यापारी मोहम्मद सहलाल अली का मकान है। रविवार की शाम उनके परिवार की लड़की छत पर गई थी। बगल में रहने वाले मल्लाह टोला के शुभम, पीयूष और राजा ने अश्लील टिप्पणी कर दी।
लड़की ने इस पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद युवक दरवाजे पर चले आए। शिकायत पर व्यापारी के बेटे मोहम्मद साहिल ने बाहर निकलकर जब विरोध किया तो युवकों ने हाथापाई शुरू कर दी। मारपीट में पीयूष का सिर फट गया।
इसके बाद वह साथियों के साथ भाग गया, लेकिन शाम छह बजे उसने जंगल हकीम नंबर एक के रहने वाले 50 से अधिक लोगों को लेकर मो. सहलाल के घर धावा बोल दिया।
गेट तोड़कर अंदर घुसने के साथ ही कमरे में रखा टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन और अन्य कीमती सामान तोड़ दिया। व्यापारी के बेटे शाहिल के साथ ही उनकी पत्नी शाहिन की पिटाई कर दी। आरोप है कि शोहदों के साथ आए लोग आलमारी तोड़कर उसमें रखे 10,500 रुपये भी उठा ले गए। किचन में रखे गैस सिलेंडर की पाइप निकाल घर में आग लगाने का भी प्रयास किया गया।
घरवालों के सूचना देने पर पहुंची शाहपुर पुलिस ने छेड़छाड़ के आरोपी शुभम और पीयूष को हिरासत में ले लिया है। घटना की जानकारी के बाद पहुंचे एसपी (सिटी) हेमराज मीना ने पीड़ित युवती का अकेले बयान लिया। घटना के बाद मोहल्ले में तनाव को देखते हुए व्यापारी के घर पुलिस लगा दी गई है।