अमर उजाला ने परखी महिला सुरक्षा की हकीकत व पुलिस की सक्रियता
- फोटो : rajesh kumar
बावरिया जनजाति के बदमाश शहर में वारदात न कर पाएं, इसके लिए पुलिस घुमंतू जाति के लोगोें की विशेष निगरानी करेगी। एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ ने 11 ऐसे स्थानों को चिन्हित कर पुलिस की ड्यूटी लगाई है, जहां पर घुमंतू जाति के लोग ठहराव लेते हैं। पूर्व के वर्षों में ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जब ये लोग खासकर ठंड के मौसम में यहां आकर ठहरते हैं और फिर वारदात कर फरार हो जाते हैं। इन स्थानों पर पहरेदारी करने वाली पुलिस टीम को रात्रि प्रहरी नाम दिया गया है।
जनजातीय लुटेरों को रोकने के लिए जिन स्थानों को चिह्नित किया गया है, उसमें वे रास्ते भी शामिल हैं, जिनसे होकर शहर की सीमा में प्रवेश किया जाता है। इसके अलावा रेलवे और बस स्टेशनों पर भी नजर रखी जाएगी। रेलवे स्टेशनों, बस स्टेशनों और रेल लाइन तथा सड़क के किनारे डेरा डाल कर रहने वाले भी पुलिस के रडार पर रहेंगे। रात्रि प्रहरी इनसे पूछताछ करेंगे तथा मूल पते की जानकारी कर उनका सत्यापन कराएंगे।
इस संबंध में एसपी सिटी डॉ. कौस्तुभ का कहना है कि ठंड में वारदातों को रोकने के लिए पुलिस सतर्क है। जनजातीय लुटेरों को रोकने के लिए 11 स्थान चिह्नित किए गए हैं। रात में इन स्थानों पर पुलिस टीम तैनात रहेगी और आने-जाने वालों के गतिविधियों पर नजर रखेगी।