उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के हरैया कस्बे में हाइवे पर स्थित नगर पंचायत कार्यालय के सामने रविवार शाम करीब पौने चार बजे अनियंत्रित ट्रक रेलिंग को तोड़ते हुए दूसरे लेन में बोलेरो से जा टकराया। घटना में बोलेरो चालक और वृद्ध महिला की घटनास्थल पर मौत हो गई।
इस दौरान सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सीएचसी हरैया में भर्ती कराया गया। घायलों में से एक युवक ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया, जबकि एक महिला और बच्चे की लखनऊ रेफर करने के दौरान मौत हो गई।
वहीं दो की हालत बहुत ज्यादा गंभीर होने के कारण उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद अबतक 5 लोगों की मौत हो चुकी है।