आईसीआईसीआई बैंक में दिनदहाड़े 38 लाख की लूट
बस्ती। मालवीय रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक में शुक्रवार की दोपहर एक बजे चार बदमाशों ने तमंचे से आतंकित कर डेढ़ मिनट के अंदर करीब 38 लाख रुपये लूट लिए। इसमें 30 लाख रुपये बैंक के थे, जबकि वहां मौजूद कई ग्राहकों से आठ लाख रुपये लूटे गए।
छह दिसंबर की कड़ी चौकसी के बीच कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे चार बदमाशों में से दो हेलमेट लगाए पहले बैंक के अंदर गए। तमंचा निकालकर उन्होंने ग्राहकों से खचाखच भरी बैंक की लॉबी में सबको लाइन में खड़ा कर हाथ ऊपर करा दिया। बैंक स्टाफ को एक केबिन में ले जाकर बंद कर दिया। इसी दौरान चेहरे पर कपड़ा बांधे दो अन्य बदमाश भी वहां पहुंच गए। चारों ने मिलकर डेढ़ मिनट तक काउंटर में रखा कैश और कई ग्राहकों के पास मौजूद रकम लूट ली। कपड़े के थैले में सारी रकम भरकर वे निकल गए। यही नहीं, कुछ ही सेकेंड में वे दोबारा बैंक में घुस गए। इस बार शटर बंद कर कुछ और लोगों से लूटपाट की। बाहर निकलने पर भीड़ में से कुछ लोगों ने एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश की मगर उसके तमंचा तान देने से लोग पीछे हट गए। इसके बाद चारों लुटेरे बाइक से भाग गए। हड़बड़ी में पचपेड़िया रोड पर दो-दो सौ के नए नोटों की कुछ गड्डियां सड़क पर गिर गईं, जिसे राहगीरों की मदद से पुलिस ने बरामद कर लिया।
बैंक के भीतर और बाहर लोगों में इतना डर पैदा हो गया था कि किसी ने पुलिस को खबर देने की हिम्मत नहीं की। यहां तक कि बैंक कर्मियों ने अलार्म भी नहीं बजाया। निहत्था गार्ड को बदमाशों ने निशाने पर ले रखा था। बाद में एक बैंककर्मी ने वाश रूम में जाकर 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। कुछ देर में ही एसपी हेमराज मीणा, एएसपी पंकज, सीओ सिटी आदि मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद आईजी आशुतोष कुमार और एडीजी दावा शेरपा भी पहुंच गए। एडीजी ने वारदात के खुलासे के लिए टीमें गठित की हैं। उन्होंने कहा कि सघन चौकसी के बीच हुई इस घटना में कहां चूक हुई, इसकी अलग से जांच कराई जाएगी।
एडीजी दावा शेरपा एवं आईजी आशुतोष कुमार का कहना है कि यह घटना अंबेडकरनगर के टांडा छज्जापुर और महराजगंज के फरेंदा में एचडीएफसी की शाखा में हुई लूट जैसी ही है। बिल्कुल इसी अंदाज में 27 अगस्त को छज्जापुर आईसीआईसीआई बैंक में बदमाशों नेे फायरिंग करते हुए 38 लाख रुपये लूटे थे, जबकि 17 अक्तूबर को महराजगंज के फरेंदा स्थित एचडीएफसी बैंक में दिनदहाड़े 13 लाख की लूट हुई थी। वहां भी चार बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया था। इनमें दो हेलमेट लगाए थे।
जिले में हुई अब तक की सबसे बड़ी लूट के बाद पुलिस अधिकारियों के चेहरे पर हवाइयां उड़ने लगी हैं। एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि बैंक की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा में तमाम खामियां पाई गई हैं। यहां तक कि बैंक का गार्ड भी निहत्था था। बदमाशों ने एक से डेढ़ मिनट में पूरी घटना को अंजाम दिया।