बैक रोड मुख्य शाखा के एटीएम पर रुपये निकालने के लिए कतार मे खड़े लोग।
- फोटो : Rajesh Kumar
नोट की उम्मीद में मंगलवार को बैंक और एटीएम पहुुंचे अधिकांश लोगों को निराशा हाथ लगी। नकदी की किल्लत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शहर के 268 में सिर्फ 28 एटीएम में ही लोगों को रुपये मिले। बाकी एटीएम पर लोग चक्कर काटते रहे। देर रात तक जिन एटीएम में रुपये निकले, वहां भी लाइनें लगी रहीं।
सिटी मॉल के सामने यश बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक, अलहदादापुर स्थित एचडीएफसी बैंक और एसबीआई मेन ब्रांच के एटीएम पर नोट निकालने के लिए लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह से ही इन एटीएम पर लोग लाइन में लग गए। लोग रुपये निकालते रहे और लाइन घटने का नाम नहीं ले रही थी। उधर, रुस्तमपुर, आजाद चौक, तारामंडल, पैडलेगंज इलाके में एक भी एटीएम से नोट नहीं निकले।
बैंक रोड में एसबीआई के एटीएम को छोड़ बाकी सभी एटीएम के या तो शटर गिरे रहे या नोट नहीं थे। एटीएम बंद होने के बाद भी लोग बाहर इस उम्मीद में खड़े रहे कि शायद रुपये डालने वाली गाड़ी आ जाए, लेकिन जब शाम तक एटीएम के शटर नहीं खुले तो भीड़ छंटने लगी।
आज दोपहर तक रहेगा सूखा
आरबीआई ने बैंकों को बुधवार को करेंसी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। लीड बैंक मैनेजर राजकुमार के मुताबिक 500 करोड़ की डिमांड भेजी गई है। करेंसी बुधवार को मिलने की उम्मीद है। उनका यह दावा अगर सच भी हुआ तो करेंसी आने और उसे बैंक की शाखाओं तक पहुंचाने में दोपहर बीत जाएगी। सोमवार को करेंसी नहीं मिली और मंगलवार को बैंक बंद रहे। ऐसे में बैंकों में पहले से बची नकदी भी खत्म हो चुकी है। अगर बुधवार को भी करेंसी नहीं आई तो नोट को लेकर हाहाकार की नौबत आ सकती है।