दिल्ली-हरियाणा का प्रदूषण गोरखपुर पहुंचा, आसमान में दिन भर छाई रही धुंध
गोरखपुर। दिल्ली-हरियाणा का प्रदूषण फिर एक बार गोरखपुर पहुंच गया, नतीजा सोमवार को आसमान में दिन भर धुंध छाई रही, हवा की गुणवत्ता भी खराब रिकॉर्ड की गई । कई लोग दिन भर आंखों में जलन और श्वास रोगी सांस की तकलीफ की शिकायत करते रहे। धुंध के चलते दिनभर सूरज नहीं दिखा, नतीजा सिहरन का अहसास होते ही लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए। दरअसल, नवंबर में ठंड का आठ साल का रिकॉर्ड रविवार ने तोड़ा तो अगले ही दिन सोमवार को दिन का पारा और लुढ़क गया। रविवार को जहां दिन में अधिकतम तापमान 25.5 दर्ज किया गया था तो सोमवार को यह 24.6 डिग्री पहुंच गया।
मौसम विज्ञानी कैलाश पांडेय ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू कश्मीर के ऊपर बना हुआ है। इसके साथ ही एक चक्रवाती हवा का क्षेत्र ऊपरी हवा में पांच हजार से सात हजार की फीट के बीच में पश्चिमी राजस्थान पर बना हुआ है। इस वजह से जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली से सटे पश्चिमी उत्तरप्रदेश पर आने वाले एक दो दिन में गरज के साथ हल्की बारिश की भी संभावना है। बताया कि इस वजह से पूर्वी उत्तरप्रदेश में भी दो दिन बादल छाए रहेंगे। इसकी वजह से सुबह कोहरा छा सकता है। 10 किलोमीटर की रफ्तार से पुरवा हवा चलेगी। इस वजह से नमी भी बनी रहेगी। न्यूनतम तापमान 13 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
हवा में प्रदूषण का स्तर खतरनाक स्तर तक बढ़ा
ऊपरी वायुमंडल में करीब 12 किलोमीटर तक प्रदूषण स्तर काफी बढ़ा हुआ है। दिल्ली और हरियाणा के ऊपर छाया धुआं गोरखपुर तक पहुंच गया। इस वजह से हवा में धूल कण और प्रदूषण की मात्रा काफी ज्यादा बढ़ी हुई है। गोरखपुर में एयर क्वालिटी इंडेक्स बढ़कर 180 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया है। स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से यह खतरनाक है।
विजिबिलिटी कम होने से प्रभावित हुई दिल्ली की फ्लाइट
गोरखपुर। मानक से कम विजिबिलिटी (दृश्यता) होने पर गोरखपुर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट सोमवार को करीब आधे घंटे देर से उड़ान भर सकी। दिल्ली से गोरखपुर आने वाली फ्लाइट तो यहां समय से पहुंची मगर दिल्ली के लिए उड़ान के समय ही विजिबिलिटी तय मानक 800 मीटर से कम होकर 650 मीटर हो गई थी। हालांकि आधे घंटे में ही यह बढ़कर मानक के अनुसार हो गई जिसके बाद फ्लाइट उड़ान भर सकी।