आयुष्मान योजना के लाभार्थी से मांगे डेढ़ लाख रुपये
गोरखपुर। आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी राजकुमार ने राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ के चिकित्सकों पर दिल का वाल्व बदलने के लिए डेढ़ लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पर शिकायती पत्र देकर कार्रवाई और मदद के लिए फरियाद की है।
बीपीएल श्रेणी परिवार में आने वाले हुमायूंपुर उत्तरी निवासी राजकुमार की पत्नी मीरा के अनुसार उनके पति को एक बार दिल का दौरा पड़ चुका है। आयुष्मान भारत योजना का कार्ड मिलने पर उन्होंने 29 अक्तूबर 2019 को पति को लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में दिखाया। वहां पहले डॉ. मुकुल मिश्रा ने देखा और पति को डॉ. एसके श्रीवास्तव के पास भेज दिया। दो जूनियरों के साथ चेंबर में मौजूद डॉ. श्रीवास्तव ने देखने के बाद वाल्व बदलने की सलाह दी। ऑपरेशन से पहले की ईको जांच के लिए 21 नवंबर 2019 की तिथि दी गई। उसके बाद एक जूनियर डॉक्टर ने ऑपरेशन से पहले डेढ़ लाख रुपये और छह यूनिट खून का इंतजाम करने को कहा। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का लाभार्थी कार्ड दिखाया।
आरोप है कि इस पर डॉक्टर ने कहा कि डेढ़ लाख रुपये का इंतजाम उन्हें करना ही होगा। कारण पूछा तो बताया कि सरकार को एक बार में पांच लाख रुपये का बिल नहीं भेज सकते। तीन लाख रुपये का बिल बनाकर भेजा जाएगा। सरकार मात्र डेढ़ लाख रुपये का भुगतान करेगी, बाकी रकम लाभार्थी को देनी होगी। मीरा ने बताया कि इस वर्ष कार्ड का लाभ नहीं लिया गया है। बावजूद इसके चिकित्सक ने बिना धन दिए ऑपरेशन करने में असमर्थता जताई। निराश होकर लौटे परिवार ने शुक्रवार को हिंदू युवा वाहिनी के महानगर संयोजक और भाजपा पार्षद ऋषि मोहन वर्मा को अपनी तकलीफ बताई। पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय लेकर पहुंचे ऋषि मोहन वर्मा ने मीरा की ओर से लिखित शिकायत पत्र दिलवाया।
सीएम कैंप कार्यालय के प्रभारी मोतीलाल सिंह ने प्रकरण को शासन को भेजकर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्था के टोल फ्री नंबर 18001803024 और 7000951782 पर कई बार संपर्क के लिए प्रयास किया गया, लेकिन हर बार कॉल मिलते ही कट जाती थी। संस्था के जिम्मेदार का पक्ष आते ही उसे प्रकाशित किया जाएगा।