शहर में अब तय मार्ग पर ही चलेंगे ऑटो, नौ रास्ते हुए तय
गोरखपुर। अब शहर के ऑटो केवल अपने निर्धारित रूट पर ही चलेंगे। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से कुल नौ रूट का निर्धारण किया गया है। इसके अलावा रिजर्व के रूप में रेलवे स्टेशन आने वाले ऑटो या चार पहिया वाहन वहीं की पार्किंग से चलेंगे। सोमवार को एसपी ट्रैफिक आदित्य प्रकाश वर्मा ने धर्मशाला, कचहरी आदि स्टैंड पर गए। कई ऑटो पर रूट नंबर लिखा और चालकों का मोबाइल फोन नंबर भी लिया। ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के अनुसार शहर में करीब छह हजार ऑटो चलते हैं। इनकी मनमानी से अक्सर जाम की स्थित उत्पन्न हो जाती है।
ये रूट हुए निर्धारित
रूट नंबर एक- बरगदवां से गोरखनाथ होते हुए धर्मशाला।
रूट नंबर दो- धर्मशाला चौराहा के उत्तर तरफ रेलवे पुल के नीचे मछली मंडी से मेडिकल कॉलेज।
रूट नंबर तीन-धर्मशाला चौराहा के उत्तर रेलवे पुल के नीचे मछली मंडी से असुरन चौक, पादरी बाजार, पिपराइच।
रूट नंबर चार- धर्मशाला शनिदेव मंदिर से यातायात कार्यालय, काली मंदिर, गोलघर, जीएम तिराहा, तमकुही, कचहरी चौराहा, शास्त्री चौराहा, बेतियाहाता, अलहदादपुर, टीपी नगर, रूस्तमपुर, कैंट, आंबेडकर चौराहा, तमकुही, जीएम, सिटी मॉल, कार्मल स्कूल होते हुए शनिदेव मंदिर तक।
रूट नंबर पांच- सीएएस चौराहे से मोहद्दीपुर, कूड़ाघाट, नंदानगर, जगदीशपुर, सोनबरसा ।
रूट नंबर छह- सीएस चौराहा मोहद्दीपुर, कूड़ाघाट से इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर।
रूट नंबर सात- आंबेडकर चौराहे से छात्रसंघ, पैडलेगंज, मोहद्दीपुर, कूड़ाघाट, इंजीनियरिंग कॉलेज।
रूट नंबर आठ- आंबेडकर चौराहा, सब्जी मंडी, कैंट चौराहा, रूस्तमपुर, टीपी नगर।
रूट नंबर नौ- शास्त्री चौराहे से बेतियाहाता, अलहदादपुर, टीपी नगर, नौसड़।
यातायात पुलिस एप के जरिए करेगी निगरानी
आने वाले समय में सभी ऑटो पर उनके रूट का स्टीकर चस्पा किया जाएगा। जिससे यात्रियों को कोई कठिनाई न हो। इसका एक एप भी बनाया जाएगा जिससे कोई ऑटो चालक यातायात पुलिस को धोखा न दे पाए। एप में केवल गाड़ी नंबर डालने पर उसके रूट का पता चला जाएगा।
इस बार करीब दो करोड़ वसूला गया शमन शुल्क
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि पिछले तीन सालों की तुलना में इस वर्ष एक जनवरी से 30 नवंबर तक सबसे ज्यादा वाहनों का चालान हुआ और शमन शुल्क वसूला गया। इस वर्ष कुल सात 73446 हजार गाड़ियों का चालान हुआ और 1.8330400 करोड़ वसूली की गई।
वर्ष चालान शमन शुल्क
2016 20368 3152500
2017 19434 3729100
2018 15765 3827050
2019 73446 18330400
ऑटो के रूट निर्धारित किए गए हैं। सभी ऑटो से इनका पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। ऑटो पर नंबर लिखने के साथ ही स्टीकर भी चस्पा किया जाएगा।- आदित्य प्रकाश वर्मा, एसपी ट्रैफिक