दीपक गुप्ता (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
कुशीनगर में मेधा की कमी नहीं है। तमकुही क्षेत्र के दीपक कुमार ने हाईस्कूल में जनपद टॉप तो किया ही था, ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ‘अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति’ परीक्षा दो बार उत्तीर्ण कर चुके हैं। दीपक कुमार गुप्ता ने इंटर में 85 प्रतिशत अंक हासिल किया है।
तमकुही क्षेत्र के महुअवा बुजुर्ग गांव के निवासी छेदी प्रसाद की तीन संतानों में इकलौते पुत्र दीपक कुमार गुप्ता हम उम्र छात्रों में निरंतर अपनी मेधा का लोहा मनवा रहे हैं। इन्होंने तुर्कपट्टी क्षेत्र के चिल्ड्रेन पब्लिक इंटर कॉलेज छहूं से हाईस्कूल की परीक्षा में 92.8 प्रतिशत अंकों के साथ जिला टॉप किया था। इंटर की परीक्षा में 85 प्रतिशत अंक प्राप्त किया है। उन्हें उम्मीद तो इस बार भी जिला टॉप करने की थी, लेकिन टॉप टेन की सूची में शामिल हैं।
दीपक कुमार गुप्ता ने ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ‘अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति’ परीक्षा के लिए 10वीं, 11वीं एवं 12वीं कक्षा में आवेदन किया था। दो बार उन्होंने परीक्षा उत्तीर्ण की। उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति के रूप में पहली बार 30 हजार और दूसरी बार 50 हजार रुपये मिल चुके हैं। वह आईआईटी करके इंजीनियर बनना चाहते हैं, ताकि देश और समाज की सेवा कर सकें। उन्होंने बताया कि अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति के रूप में मिली रकम को आईआईटी की तैयारी पर खर्च करेंगे। इनकी सफलता से माता सुनीता देवी और बहनें पूजा व प्रियंका भी काफी खुश हैं।