यूपी बोर्ड परीक्षा में सख्ती के बाद भी नकल की कोशिशें जारी हैं। शुक्रवार को सुबह की पाली एक सॉल्वर पकड़ा गया, जिसे केंद्र व्यवस्थापक ने पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि शाम की पाली में नकल नहीं करने देने पर एक छात्र ने कॉपी ही फाड़ दी। हालांकि उसे दूसरी कॉपी देकर परीक्षा में बैठने का मौका दिया गया लेकिन केंद्र व्यवस्थापक ने छात्र के खिलाफ तहरीर दी है।
जगन्नाथ सिंह इंटर कॉलेज, शंकरपुर, बेलघाट में सुबह की पाली में कक्ष निरीक्षक ने प्रवेश पत्र और आधार कार्ड के मिलान के दौरान छात्र राकेश पांडेय की जगह अखिलेश वर्मा को परीक्षा देते पकड़ लिया। प्रवेश पत्र पर छपी फोटो भी स्पष्ट नहीं थी। केंद्र व्यवस्थापक शिव प्रसाद सिंह ने कड़ाई से पूछताछ की तो अखिलेश ने दूसरी की जगह परीक्षा देने की बात कबूल की। केंद्र व्यवस्थापक ने छात्र को पुलिस को सौंप दिया और उसके खिलाफ तहरीर भी दी। पुलिस ने पूछताछ करने के बाद देर शाम उसे मुचलके पर छोड़ दिया।
वहीं दूसरी पाली में महाराणा प्रताप कृषक इंटर कॉलेज जंगल धूसड़ में नकल न करने देने पर एक छात्र ने बी कॉपी फाड़ दी। केंद्र व्यवस्थापक ने घटना की सूचना डीआईओएस को दी और पिपराइच थाने में छात्र के खिलाफ तहरीर दी। सचल दल प्रथम के प्रभारी डीआईओएस ने डीबी इंटर कॉलेज में निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरा बंद पाया। केंद्र व्यवस्थापक ने बताया कि बिजली चली गई है। इस पर सचल दल टीम ने जेनरेटर चालू कराकर कैमरे की जांच की।
14,790 ने परीक्षा छोड़ी
बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को दोनों पालियों में 14,790 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। सुबह की पाली में हाईस्कूल में अंग्रेजी विषय में पंजीकृत 84,334 में 12,130 अनुपस्थित रहे। इंटरमीडिएट में संगीत गायन वादन और नृत्यकला में पंजीकृत 139 में 2 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में इंटरमीडिएट में गणित प्रथम प्रश्नपत्र में पंजीकृत 27,958 में 3,658 ने परीक्षा छोड़ दी।
आज की परीक्षाएं
सुबह की पाली : हाईस्कूल संगीत गायन केवल प्रश्नपत्र
इंटरमीडिएट गृह विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र एवं कृषि शस्य विज्ञान प्रथम प्रश्नपत्र
शाम की पाली : काष्ठ शिल्प, ग्रंथ शिल्प व सिलाई प्रथम प्रश्नपत्र
जिले में पहुंचे बोर्ड परीक्षा के पर्यवेक्षक
डिप्टी डायरेक्टर संस्कृति कमलेश कुमार ने शुक्रवार को गोरखपुर और महाराजगंज के 10 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। शासन स्तर से उन्हें चार जिलों गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और श्रावस्ती का पर्यवेक्षक बनाया गया है। बोर्ड परीक्षा के लिए बने परीक्षा केंद्रों का दौरा कर वह रिपोर्ट शासन को सौंपेंगे।