एनई रेलवे बालक इंटर कॉलेज में वार्षिकोत्सव पर विज्ञान प्रदर्शनी देखते एनईआर के जीएम राजीव मिश्र। साथ में कुमकुम मिश्र व अन्य।
- फोटो : Shivharsh Dwivedi
एनई रेलवे बालक इंटर कॉलेज का वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह विद्यालय प्रांगण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शुक्रवार को विद्यालय प्रांगण में आयोजित समारोह में विद्यालय के सर्वोत्तम छात्र का पुरस्कार आशुतोष कुमार कक्षा-12 बी को प्राप्त हुआ। गत वर्ष सर्वोच्च अंक प्राप्त करने के लिए इंटर के शुभम श्रीवास्तव और हाईस्कूल के अनिकेत ओझा को पुरस्कृत किया गया।
खेलकूद में व्यक्गित चैंपियन का पुरस्कार वरिष्ठ वर्ग में आफताब आलम कक्षा 12-बी, कनिष्ठ वर्ग में अंबुज तिवारी कक्षा-9 डी और बाल वर्ग में आदित्य सिंह कक्षा-6 ए को प्रदान किया गया। ओवर ऑल चैंपियनशिप शास्त्री हाउस को प्रदान किया गया। जबकि फुटबाल में शास्त्री हाउस एवं गांधी हाउस संयुक्त विजेता रहे। इसके अतिरिक्त साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए व्यक्तिगत एवं सामूहिक पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इससे पहले समारोह के मुख्य अतिथि पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष कुमकुम मिश्र ने विद्यालय के सर्वोत्तम छात्र, खेल-कूद, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पुरस्कार प्रदान कर प्रोत्साहित किया।
समारोह में महाप्रबंधक मिश्र, पूर्वोत्तर रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्ष कुमकुम मिश्र एवं अतिथियों ने विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘प्रगति‘ का विमोचन भी किया। इस अवसर पर प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए महाप्रबंधक मिश्र ने विज्ञान प्रदर्शनी के लिए 25 हजार और सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु भी 25 हजार रुपये के सामूहिक पुरस्कार की घोषणा की। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक एसएल वर्मा, मुख्य परिचालन प्रबंधक अर्चना जोशी, मुख्य कार्मिक अधिकारी एसएनएम इस्लाम एवं अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्याओं सहित वरिष्ठ रेल अधिकारी, कर्मचारी, अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित थे।