गोल्ड मेडल जीता है तो शादी में गोल्ड मत मांगना : कुलाधिपति
गोरखपुर। दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल पहनाने के बाद कुलाधिपति ने उन्हें नसीहत भी दी। दहेज प्रथा पर वार करते हुए बोलीं- गोल्ड मेडल मिल गया है अब शादी में किसी से गोल्ड मत मांगना। अगर गोल्ड मांगते हो तो अनपढ़ से भी जाहिल हो। संकल्प लो कि हमें कुरीतियों को मिटाना है।
समारोह में अतिथि के तौर पर बुलाए गए प्राथमिक विद्यालय बूढ़ाडीह प्रथम के 30 बच्चों को उपहार भेंट करने के बाद कुलाधिपति ने कहा कि ये बच्चे दीक्षांत समारोह को नजदीक से देखेंगे तो समझेंगे कि यहां क्या हो रहा है। ये दीक्षांत में गोल्ड मेडल पाने को प्रेरित होंगे। उन्होेंने शिक्षिकाओं ने कहा कि वे पुस्तकों को स्कूल की लाइब्रेरी में रखें। प्रार्थना में चर्चा करें। इससे बच्चों में पढ़ने की आदत बढ़ेगी।
लड़कियों को गोल्ड मेडल पाता देख खुश हूं, मैंने भी पाया है
कुलाधिपति ने कहा कि लड़कियों को गोल्ड मेडल पाता देखकर खुश हूं। मैं भी पढ़ाई के दौरान विश्वविद्यालय की टॉपर रही और मेडल पाई। लेकिन दुख इस बात का है कि लड़कों को गोल्ड मेडल कम मिल रहे हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के शिक्षकों से कहा कि आज बेटियां आगे और बेटे पीछे क्यों है, इसका कारण खोजें और उसे दूर करें।
दो हॉस्टलों और कंप्यूटर भवन का शिलान्यास
कुलाधिपति ने विश्वविद्यालय परिसर में बनने वाले दो हॉस्टलों (एक महिला व एक पुरुष) तथा 600 कंप्यूटरों की क्षमता के ऑनलाइन परीक्षा केंद्र का शिलान्यास किया। राज्यसभा सदस्य शिव प्रताप शुक्ल की निधि से पुरुष छात्रावास गौतम बुद्ध हॉस्टल के पास बनेगा। महिला छात्रावास अलकनंदा महिला छात्रावास व ऑनलाइन परीक्षा केंद्र प्रशासनिक भवन के पास बनेगा।