खराब मौसम की वजह से स्पाइस जेट ने 10 दिसंबर से 10 फरवरी तक के लिए गोरखपुर से दिल्ली और कोलकाता की अपनी सभी उड़ानें निरस्त कर दी हैं। एयर इंडिया पहले ही अपनी दिल्ली की उड़ान दिसंबर तक के लिए निरस्त कर चुका है।
कोहरे की वजह से मानक से कम विजिबिलिटी होने के कारण करीब पखवारे भर से स्पाइस जेट और एयर इंडिया दोनों की ही उड़ानें प्रभावित चल रही हैं। स्पाइस जेट की जहां कोलकाता-गोरखपुर, गोरखपुर- दिल्ली, दिल्ली-गोरखपुर और गोरखपुर से कोलकाता की उड़ानें निरस्त चल रही हैं। वहीं एयर इंडिया की दिल्ली की फ्लाइट भी उड़ान नहीं भर पा रही थी। खराब मौसम को देखते हुए एयर इंडिया एक सप्ताह पहले ही 31 दिसंबर तक अपनी उड़ानें निरस्त कर चुका है।
मौसम के मिजाज को देखते हुए एयर इंडिया की उड़ान जनवरी में भी निरस्त ही रहने की आशंका जताई जा रही है। यानी ठंड के मौसम तक अब यात्रियों के सामने ट्रेन और सड़क मार्ग का ही सहारा रहेगा। हालांकि कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार भी काफी कम कर दी है। कोहरे की वजह से रात में सड़क पर भी चलना खतरे से खाली नहीं है।