लखनऊ में कमलेश तिवारी की हत्या के बाद हत्यारों के नेपाल भागने की आशंका में सुरक्षा एजेंसियों का सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी है। देश में एक तरफ दीपावली की तैयारियां चल रहीं हैं, वहीं दूसरी ओर आयोध्या मसले पर चल रहे तनाव को लेकर नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां एलर्ट मोड पर हैं।
इसी दौरान चेकिंग करते वक्त शनिवार को एक नेपाली व्यक्ति और बढनी के फूल कारोबारी के पास से बारूद जैसे पाउडर के साथ तीन पैकेट बरामद किए गए। सीमा पर बारूद पकड़े जाने की खबर मिलते ही सुरक्षा एजेंसिंयों के बीच खलबली मच गई है। एजेंसियों ने बताया कि दोनों लोगों को पकड़ कर लॉकअप में रखा गया है।
वहीं बारूद जैसा पाउडर पकड़े जाने के बाद जोन से लेकर दिल्ली तक की सभी सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गये हैं। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। खबर है कि फिलहाल कुछ विशेषज्ञों के आने का इंतजार किया जा रहा है। उनके आने के बाद ही पाउडरों की जांच की जाएगी। इस घटना के बाद रविवार को भी बढनी वीओपी इंचार्ज वरुण कुमार ने बॉर्डर पर डॉग स्क्वायड लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया।