खेती-किसानी संबंधी किसी भी तरह की दिक्कत होने पर जिले के किसान अब व्हाट्सएप और एसएमएस की मदद ले सकते हैं। उनकी समस्या का समाधान दो दिन के भीतर कृषि रक्षा अनुभाग करेगा। इसे फौरी तौर पर प्रभावी बनाने के लिए शासन ने विभाग को दो मोबाइल नंबर आवंटित किए हैं।
शासन ने सहभागी फसल निगरानी और समाधान (पीसीएसआरएस) योजना शुरू की है। जिसकी जिम्मेदारी कृषि विभाग के कृषि रक्षा अनुभाग को सौंपी गई है। किसानों की फसल में अगर किसी तरह का रोग लगता है अथवा कीट लगते हैं। इससे कैसे निपटा जाए ? इसके अलावा फसल संबंधी अन्य कोई जानकारी चाहिए तो किसान 9452247111 अथवा 9452257111 मोबाइल नंबर पर एसएमएस अथवा व्हाट्सएप पर कर सकते हैं।
जिला कृषि रक्षा अधिकारी अरविंद कुमार चौधरी ने बताया कि किसान डब्लूडब्लूडब्लू डॉट यूपी एग्रीकल्चर डॉट काम पर भी अपनी समस्याएं लिख कर भेज सकते हैं। बताया कि समस्या लिखते समय किसानों को अपना पंजीकरण नंबर भी लिखना जरूरी होगा। समस्या मिलने के दो भीतर उसका निराकरण किया जाएगा। इससे जिले में वैज्ञानिक तकनीक से खेती करने पर बल मिलेगा।