अनियंत्रित कार की चपेट में आने से आठ घायल, तीन पहुंचे अस्पताल
गोरखपुर। मोहद्दीपुर रोड पर आरकेवीके एजेंसी के पास अनियंत्रित कार की चपेट में आने से आठ लोग घायल हो गए। तीन को गंभीर चोटें आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि बाकी को मामूली चोट आई थीं। अचानक अनियंत्रित हुई कार दो मोटरसाइकिलों में ठोकर मारते हुए दूसरी कार से जा टकराई। हादसे में आरकेवीके के एक कर्मचारी के भी घायल होने पर एजेंसी के अन्य कर्मचारी भड़क गए और कार सवारों की पिटाई शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाया। घटना की सूचना पर आई पुलिस ने कार चालक समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया। कार चालक की पहचान बिहार के पंश्चिम चंपारण जिले के रामनगर निवासी सोहेल अख्तर और कार सवार की प्रकाश कुमार सोनी पुत्र जितेन्द्र सोनी के रूप में हुई। घटना सोमवार की दोपहर करीब 2.40 बजे हुई।
खोराबार के रायमगंज निवासी रामगोविंद आरकेवीके एजेंसी में कर्मचारी हैं। सोमवार की दोपहर वह एजेंसी के बाहर अपने किसी परिचित से बात कर रहे थे। उनके पास ही दो मोटरसाइकिलें भी रुकी थीं जिनपर सवार एक महिला और दो लोग आपस में बातें कर रहे थे। इसी दौरान कूड़ाघाट की ओर से आई अनियंत्रित कार दोनों बाइकों, रामगोविंद और कुछ अन्य लोगों को ठोकर मारती हुई एक दुकान के सामने खड़ी कार से जा टकराई। आक्रोशित लोगों ने कार सवार दोनों युवकों को पकड़ कर पिटाई शुरू कर दी। स्थानीय लोगों ने किसी तरह दुकान में शरण देकर दोनों को लोगों से बचाया। हादसे में कुल आठ लोग घायल हुए जिनमें से गंभीर रूप से घायल खोराबार की ममता, रामगोविंद और संस्कृति पब्लिक स्कूल के छात्र शुभम दूबे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रामगोविंद को गंभीर चोट आने से डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। राम गोविंद के भतीजे शैंलेद्र कुमार ने थाने में तहरीर दी है।
अनियंत्रित कार की चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। कार चालक और उसमें बैठे एक अन्य युवक को हिरासत में रखा गया है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी