हादसे के बाद जुटे स्थानीय लोग और क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
छात्र को बचाने में कार अनियंत्रित, चपेट में आकर एक की मौत
चकचई गांव के पास हुुआ हादसा, गोरखपुर से बहराइच जा रहा था परिवार
अमर उजाला ब्यूरो
डुमरियागंज(सिद्धार्थनगर)। भवानीगंज थाना क्षेत्र के चकचई गांव के पास बुधवार सुबह छात्र को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित हुई कार की चपेट में एक शख्स आ गया और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया।
गोरखपुर निवासी निर्भय पांडेय बुधवार सुबह अपनी मां को लेकर बहराइच में एडीओ पंचायत के पद पर तैनात पिता विजय पांडेय के पास जा रहे थे। अभी वह भवानीगंज थानाक्षेत्र के चकचई चौराहे के पास पहुंचे थे। तभी अचानक एक छात्र सड़क पार दिखा उसे बचाने में कार अनियंत्रित हो गई और सड़क के किनारे खड़े चकचई निवासी संतकुमार (40) उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने संत कुमार को बेंवा सीएचसी भेजा। हालत गंभीर होने पर यहां से बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। भवानीगंज थानाध्यक्ष हरिनरायण दीक्षित ने बताया कि घटना की जानकारी है। घायल शख्स इलाज के दौरान मौत हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। कार को कब्जे में ले लिया गया है।