गुलरिहा इलाके में इसी स्कार्पियो से हुई है तीन साल के बच्चे की मौत।
घर के बाहर खेल रहे मासूम को स्कार्पियो ने रौंदा, मौत
सरहरी (गोरखपुर)। गुलरिहा इलाके के मलंग स्थान चौराहे के पास तेज रफ्तार स्कार्पियों की चपेट में आने से तीन साल के विष्णु की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गाड़ी सवार फरार हो गए। पुलिस ने स्कार्पियो को कब्जे में लेकर अज्ञात पर केस दर्ज किया है। कुछ दिन पहले विष्णु के छोटे भाई की बीमारी से मौत हो गई थी।
मलंग स्थान निवासी देवीचन मद्देशिया का पुत्र विष्णु घर के बाहर खेल रहा था। दोपहर दो बजे के करीब टिकरिया चौराहे के तरफ से आ रही अनियंत्रित स्कार्पियो की चपेट में आने से वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। परिवार के लोग विष्णु को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। खेती किसानी करके जीवन यापन करने वाले देवीचन के छोटे पुत्र की मौत के बाद विष्णु ही घर का एकलौता चिराग था।