दिल्ली से गोरखपुर आ रही स्पाइस जेट की फ्लाइट शनिवार को एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त रनवे से नीचे उतर गई। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, मगर विमान में बैठे यात्री सहम गए। विमान कंपनी ने थोड़ी ही देर बाद गोरखपुर से कोलकाता के लिए जाने वाली फ्लाइट को निरस्त कर दिया। कंपनी के अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक स्पाइस जेट की फ्लाइट दिल्ली से 2:15 बजे गोरखपुर पहुंचती है। करीब 2:10 बजे लैडिंग के दौरान फ्लाइट के पहिये रनवे से उतर गए। हालांकि तब तक फ्लाइट की स्पीड धीमी हो गई थी, वर्ना कोई अनहोनी हो सकती थी। घटना की सूचना मिलते ही सिविल एयरपोर्ट और एयरफोर्स के अफसर रनवे पर पहुंच गए। तत्काल फ्लाइट को खींचकर रनवे पर लाया गया, जिसके बाद यात्री उतर सके। चूंकि यहीं फ्लाइट आधे घंटे बाद कोलकाता जाती है, लिहाजा वहां की उड़ान निरस्त कर दी गई।
उधर, घटना से यात्री समेत उन्हें रिसीव करने एयरपोर्ट आए उनके परिजन सहम गए थे। वहीं कोलकाता की उड़ान निरस्त होने की वजह से भी तमाम यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कोलकाता की उड़ान रविवार को भी होगी या नहीं, इसका फैसला कल ही हो पाएगा। बता दें कि हाल ही में चार अक्टूबर से स्पाइस जेट ने गोरखपुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए विमान सेवा शुरू की थी।