गुलरिहा थाना क्षेत्र के कर्महा गांव के करमहिया टोला निवासी युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। नरायनपुर गांव के पास एक गड्ढे में गुुरुवार को उसका शव मिला। उसके मुंह से झाग और खून निकल रहा था। बुधवार रात वह घर से जरूरी काम बताकर निकला था। पुलिस ने पास से ही उसकी साइकिल भी बरामद की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई।
बृहस्पतिवार सुबह नरायनपुर गांव के पास दुर्गंध आने पर लोग उस ओर गए तो गड्ढे में युवक का शव पड़ा देखा। इसकी सूचना गांव में तेजी से फैल गई और लोग घटनास्थल पर इकट्ठा होने लगे। पुलिस भी खबर पाकर मौके पर पहुंच गई और शव के शिनाख्त कराई तो उसकी पहचान गुलरिहा थाना क्षेत्र के कर्महा गांव के करमहिया टोला निवासी रामनगीना निषाद (30) पुत्र स्वामीनाथ के रूप में हुई। वह खेती करता था। घटना की जानकारी होने के बाद पहुंचे घरवालों ने बताया कि बुधवार रात करीब आठ बजे वह घर से जरूरी काम बताकर निकला था। वह कहां जा रहा है, यह किसी को नहीं बताया। उसके पास से पुलिस ने उसका मोबाइल भी बरामद किया है। गुलरिहा पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
सहजनवा की युवती की संदिग्ध हाल में मौत
गुदनूपुर गांव में बृहस्पतिवार को सुबह एक नवविवाहिता की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ससुराल पक्ष के लोग जहां इसे आत्महत्या बता रहे हैं वहीं युवती के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। गोरखपुर के सहजनवा थानाक्षेत्र के भिटिया निवासी रमाशंकर मिश्र ने करीब तीन वर्ष पहले अपनी बेटी शिवनन्दनी की शादी परशुरामपुर के गुदनूपुर निवासी उदयभान मिश्र के बेटे प्रवीण से की थी। उनकी डेढ़ साल की बेटी सुनन्या भी है। रमाशंकर मिश्र ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि शिवनन्दनी के ससुराल वाले बार-बार दहेज की मांग करते रहे। इसी खुन्नस में बृहस्पतिवार भोर में उसकी हत्या कर दी गई।