गोरखपुर। शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने की बजाय 90 फीसदी लक्ष्य ही पूरा करने की बात दोहराने पर खफा नोडल अफसर और प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद बीएम मीना ने वाणिज्य कर कमिश्नर पर नाराजगी जताई। यहीं नहीं वाणिज्य कर कमिश्नर द्वारा यह कहे जाने पर कि विभाग के प्रमुख सचिव ने ही 90 फीसदी लक्ष्य पूरा करने को पर्याप्त बताया है, उन्होंने प्रमुख सचिव वाणिज्य कर से भी उनक ी शिकायत करने की बात कही।
शुक्रवार को जीडीए सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद ने समय पर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के अलावा कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। किसानों को समय से खाद-बीज उपलब्ध कराने की हिदायत देते हुए उन्होंने खाद-बीज की कालाबाजारी करने वालों पर एफआईआर दर्ज कराने को कहा।
बिजली बिल की वसूली के संबंध में उन्होंने सभी विभागों के अफसरों को निर्देश दिए कि वे विभाग के बकाया बिल का समय से भुगतान कराएं। सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों के हितों को लेेकर प्रमुख सचिव संजीदा दिखे। उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्म की बात है कि अपने वाजिब हक के लिए किसी कर्मचारी को कोर्ट की मदद लेनी पड़ती है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सभी देय का समय पर भुगतान कर दिया जाए।
प्रमुख सचिव ने ग्रामीण क्षेत्रों में खराब ट्रांसफॉर्मर 72 घंटे के भीतर बदलने के निर्देश दिए। लोहिया गांव की समक्षा के दौरान ग्रामीण विद्युतीकरण के संबंध में बताया गया कि लाइन चार्ट बन गया है तथा सर्वे का काम पूरा कर लिया गया है। दिसंबर के पहले सप्ताह में कार्य शुरू हो जाएगा। काम की धीमी प्रगति पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताते हुए जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया।
कब्रिस्तान की चहारदीवारी की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 57 के सापेक्ष 36 पर कार्य पूरा हो चुका है बाकी काम 31 दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। प्रमुख सचिव ने कार्यदायी संस्था से कहा कि इस काम में यदि कोई कठिनाई आए तो जिला प्रशासन के संज्ञान में लाते हुए उसका निराकरण कराएं। उन्होंने मृदा परीक्षण पर बल देते हुए जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि इस कार्य के लिए किट्स की व्यवस्था की जाए ताकि किसान उसक ी मदद से खुद अपनी मिट्टी की पहचान कर सके। डीएम ने आश्वस्त किया कि शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यक्रमों को समय से पूरा कराने के लिए निरंतर निगरानी रखी जा रही है। बैठक में एसएसपी आरके भारद्वाज, सीडीओ कुमार प्रशांत, नगर आयुक्त आरके त्यागी, एडीएम (प्रशासन) सुरेश कुमार तिवारी, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) समेत कई विभागों के अफसर मौजूद रहे।