गोरखपुर। जटेपुर पुलिस चौकी के पास लगाई गई कुश्ती प्रतियोगिता की होर्डिंग मंगलवार को सपा नेताओं के विरोध के बाद उतार दी गई। होर्डिंग में कुछ भाजपा नेताओं के फोटो भी लगे थे। सपा नेताओं ने एसएसपी से मुलाकात कर इस पर आपत्ति जताई थी और इसे प्रशासन के निर्देश की अवहेलना बताते हुए उतरवाने की मांग की थी। दस दिन पहले इसी जगह से पुलिस ने सपा नेताओं की भी होर्डिंग उतारी थी।
पुलिस चौकी और थाने की दीवारों पर पार्टी नेताओं के साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों की लगी होर्डिंग हटाने का निर्देश एसएसपी ने थानेदार और चौकी प्रभारियों को दिया था। एसपी सिटी के नेतृत्व में अभियान चलाकर होर्डिंग हटाने के साथ भविष्य में होर्डिंग न लगाने की हिदायत भी दी थी। इसी दौरान गोलघर की जटेपुर चौकी पर लगी सपा नेताओं की होर्डिंग भी हटाई गई थी।
गोरखपुर में एक नवंबर से होने वाली प्रदेशीय सीनियर कुश्ती प्र्रतियोगिता की होर्डिंग शहर के प्रमुख स्थानों पर लगाई जा रही हैं। इनमें भाजपा नेताओं की फोटो भी हैं। आयोजकों ने सोमवार की रात जटेपुर पुलिस चौकी के पास भी होर्डिंग लगा दी। मंगलवार को जानकारी होने के बाद सपा नेताओं ने एसएसपी से मुलाकात कर इस पर आपत्ति दर्ज कराई और होर्डिंग हटाने की मांग की। दोपहर मेें जटेपुर पुलिस चौकी प्रभारी एसएन सिंह ने होर्डिंग उतरवा दी।