गोरखपुर। उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ और जिला कुश्ती संघ के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश स्तरीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में है। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर बेतियाहाता में रविवार को उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष दिनेश सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में कुश्ती से जुड़े लोगों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई। इसके लिए अलग-अलग समितियां बनाई गई हैं।
रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में एक से तीन नवंबर तक प्रदेश के दिग्गज महिला और पुरुष पहलवानों के बीच कुश्ती के मुकाबले देखने को मिलेंगे। 31 अक्टूबर को पहलवानों का वजन होगा। एक नवंबर को महिला पहलवानों के बीच मुकाबले शुरू होंगे। दो को उत्तर प्रदेश केसरी और अन्य भार वर्ग की स्पर्धा होगी। प्रतियोगिता के लिए स्टेडियम में दो अखाड़े बनाए गए हैं, जिसके ऊपर मैट बिछाया गया है।
इन समितियों का हुआ गठन
प्रतियोगिता में अर्जुन, ईश्वरचंद जायसवाल, जेवी सिंह, विश्व नरायण सिंह, बृजेश सिंह को स्वागत कमेटी में रखा गया है। पहलवानों के रहने की व्यवस्था की जिम्मेदारी सुनील सिंह और प्रेम सिंह राठौर को दी गई है। पुरुष पहलवानों के रहने की व्यवस्था गोरखनाथ मंदिर में की गई है, इसलिए उन्हें लाने और ले जाने की जिम्मेदारी अरुणेश शाही को दी गई है। पहलवानों के भोजन की व्यवस्था की जिम्मेदरी मायाशंकर शुक्ला, धनंजय पाल, सामंत सिंह और नितेश शुक्ला की होगी। स्टेडियम में अखाड़े की जिम्मेदारी भारतीय टीम के कुश्ती कोच चंद्रविजय सिंह, बृजभूषण सिंह, जनार्दन सिंह यादव, विवेकानंद तिवारी, शत्रुघ्न राय और गिरधारी पहलवान की होगी। तकनीकी समिति में चंद्रविजय सिंह, आरएसओ अश्वनी सिंह और चंद्रमौलि पांडेय होंगे। मीडिया देखरेख की जिम्मेदारी एडवोकेट अशोक गुप्ता, मान्धाता सिंह, सावन सिंह, सत्येंद्र सिंह, राम प्रकाश सिंह की होगी।
कुश्ती प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश के हर जिले से आने वाले पहलवानों को किसी चीज की कमी न हो इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। कुश्ती प्रेमियों से अपील है कि वह भारी संख्या में स्टेडियम पहुंचकर आयोजकों का हौसला बढ़ाएं। जिससे भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिता आयोजित की जा सके।
दिनेश सिंह, उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष