गोरखपुर/खोराबार। पिपराइच के तिनकोनिया जंगल में शनिवार सुबह गांव के लोगों ने कच्ची शराब की भट्ठियों में तोड़फोड़ की। गांव की महिलाओं ने घटना की जानकारी के बाद पहुंचे सिपाहियों पर धंधेबाजों को संरक्षण देने का आरोप लगाकर खदेड़ लिया। दोपहर में एसओ के साथ पहुंचे सीओ चौरी चौरा ने गांव वालों को समझा-बुझाकर विवाद खत्म कराया।
तिनकोनिया नंबर तीन गांव की महिलाएं, पुरुष और बच्चे सुबह सात बजे डंडा लेकर कच्ची शराब की भट्ठियों पर पहुंच गए। धंधेबाजों को भगाने के साथ ही कच्ची शराब की 10 से अधिक भट्ठियां तोड़कर 50 कुंतल से अधिक महुआ, लहन नष्ट किया। महिलाओं का आरोप था तिनकोनिया नंबर तीन में कच्ची शराब की 300 से अधिक भट्ठियां चलती हैं। स्थानीय पुलिस के साथ ही आबकारी विभाग के लोग धंधेबाजों को संरक्षण देते हैं। गांव में पूरे दिन अराजक तत्वों का जमावड़ा होने से रोजाना उनके साथ अभद्रता होती है। विरोध करने पर कई बार मारपीट भी हो चुकी है। शिकायत करने पर पुलिस केवल कोरम पूरा करने आती है। कच्ची शराब की भट्ठियां तोड़ने की जानकारी मिलने पर पिपराइच थाने के चार सिपाही मौके पर पहुंचे तो गांव के लोगों ने उन्हें खदेड़ लिया। दोपहर करीब 12 बजे सीओ चौरी चौरा विजय शंकर तिवारी, एसओ पिपराइच शशांक शेखर राय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कच्ची शराब का धंधा करने वालों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर विवाद खत्म कराया।