गोरखपुर। 234 कर्मचारियों पर पुलिस ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। लोकसभा चुनाव में ड्यूटी लगने के बाद भी यह लोग प्रशिक्षण में शामिल नहीं हुए थे। कैंट थाने में इनके खिलाफ अधिकारियों ने मुकदमा दर्ज कराया था। एसएसपी ने लंबित सभी मुकदमे को निबटाने के साथ ही रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजने का निर्देश दिया है।
लोकसभा चुनाव 2014 की ट्रेनिंग में शामिल न होने वाले 234 कर्मचारियों की परेशानी बढ़ गई है। मुख्य कार्मिक अधिकारी सुरेंद्र राम ने सभी के खिलाफ आचार संहिता का उल्लंघन करने और 34 लोक प्रतिनिधि अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। नौ अप्रैल से 6 मई तक कुल 18 मुकदमे दर्ज हुए। चुनाव खत्म होने के बाद कैंट पुलिस ने भी इन मुकदमों पर ध्यान नहीं दिया। कैंट थाने का मुआयना करने के दौरान जानकारी होने पर एसएसपी ने सभी मुकदमे का एक माह के भीतर निस्तारण कर रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजने का निर्देश दिया है। जिन कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज है उनका नाम, पता तैनाती स्थल की जानकारी उन्होंने मुकदमा वादी से लेने को कहा है। कार्यालय में एक रिमाइंडर नोटिस भी भेजा है। चुनाव आचार संहिता और अधिकारियों के निर्देश की अवहेलना करने वालों में सबसे अधिक शिक्षक हैं। इनकी संख्या 100 से अधिक है।
लोकसभा चुनाव में आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर मुख्य कार्मिक अधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराया है। वादी से सभी आरोपियों का नाम पता लेकर विवेचना पूरी कर रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेजने का निर्देश दिया है। वादी के सहयोग न करने से अब तक किसी भी आरोपी का नाम पता नहीं मिल पाया था। नोटिस देकर सभी के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
-आरके भारद्वाज, एसएसपी