गोरखपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो से करीब एक महीने तक ट्रेनें नहीं चल सकेंगी। इस अवधि में यार्ड रीमॉडलिंग के दौरान बचे हुए काम को पूरा किया जाएगा। इसकी तैयारी शुरू हो गई है और इस महीने के आखिर में सेक्शन ब्लॉक किया जाएगा। जिसके चलते प्लेटफॉर्म दो से जाने वाली ट्रेनों को दूसरे प्लेटफॉर्म से चलाया जाएगा। वीआईपी ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी क्योंकि सारी ट्रेनें दूसरे प्लेटफॉर्म से चलाई जाएंगी।
यार्ड रीमॉडलिंग के दौरान सभी प्लेटफॉर्म पर वाशिंग एप्रेन (सीमेंट की सतह) बनाना है। ताकि पटरियों की आसानी से सफाई हो और बारिश का पानी जमा न हो सके। इसके लिए प्लेटफॉर्म की पटरियां उखाड़ी जाएंगी। वाशिंग एप्रेन और सीमेंट का स्लीपर लगेगा। जिसके बाद इलेक्ट्रिक और सिग्नल का काम होगा। अभी दो नंबर से गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस, पूर्वांचल एक्सप्रेस, चौरीचौरा एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें जाती हैं। इनमें कुछ ट्रेनों को प्लेटफॉर्म एक से चलाया जाएगा और बाकी को पांच, छह और सात नंबर प्लेटफॉर्म से चलाने की तैयारी है। इस बदलाव की वजह से ट्रेनों को संचालित करने में भी मुश्किलें आएंगी। कुछ ट्रेनों को सिग्नल के अभाव में आउटर पर या पास के स्टेशनों पर खड़ा करना पड़ेगा। इससे ट्रेनों का विलंब होना तय है।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि प्लेटफॉर्म दो पर वाशिंग एप्रेन और सीमेंट के स्लीपर लगाए जाने हैं। इसके लिए शीघ्र ही सेक्शन ब्लॉक कर काम शुरू किया जाएगा।